भारत

ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 171 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

SHIDDHANT
17 Nov 2026 8:26 PM IST
ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 171 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
x
ड्रग्स तस्करी
मणिपुर: पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंफाल ईस्ट जिले से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 171 ग्राम हेरोइन पाउडर जब्त किया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए इस कार्रवाई की जानकारी दी। मणिपुर पुलिस ने लिखा, "17 नवंबर को एएनटीएफ/इंफाल ईस्ट, सीआरपीएफ और वाईएडीएएम की एक संयुक्त टीम ने इंफाल ईस्ट जिले के इरिलबुंग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत थियम कोंजिल सैजिन से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।"
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जाकिर हुसैन (21), निवासी क्वाक्ता वार्ड नंबर 3 और मो. फारूक अहमद (40), निवासी लिलोंग तुरेल अहानबी उबाक थोंग मखा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से 171 ग्राम (शुद्ध वजन) हेरोइन पाउडर जब्त किया गया। आगे की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने थियम कोंजिल सैजिन इलाके में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
मणिपुर पुलिस का कहना है कि मणिपुर में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए एएनटीएफ और सुरक्षा बल लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। राज्य में हेरोइन समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और स्थानीय संगठनों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनसे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या वे किसी बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या फिर इस खेप की सप्लाई चेन में और भी लोग शामिल हैं। जांच के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
Next Story