
x
स्लिंग बैग और स्कूटर से मिले ड्रग्स
गोवा: ड्रग तस्करी के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) पुलिस स्टेशन, गोवा ने शुक्रवार की तड़के अश्वेम, मांद्रेम में एक छापेमारी की। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और लगभग 2,51,400 रुपए मूल्य के संदिग्ध नशीले पदार्थ जब्त किए गए। एएनसी ने अपने एक आधिकारिक बयान में बताया कि आरोपी की पहचान रोहन पांचाल (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लोअर परेल, मुंबई का रहने वाला है और वर्तमान में जुनासवाड़ा, मांद्रेम, गोवा में रहता है। छापेमारी के दौरान एएनसी टीम ने उसके पास से 2.51 लाख रुपए के संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद और जब्त किए।
जब्त किए गए सामानों में अलग-अलग रंगों के 24 ब्लॉट पेपर (कुल वजन 0.78 ग्राम), जिनकी कीमत लगभग 2,40,000 रुपए है। इसके अतिरिक्त, 114.16 ग्राम सूखा वनस्पति पदार्थ, जिसमें कैनबिस (भांग/गांजा) के पौधे के फूल और फल वाले हिस्से शामिल हैं। इसकी कीमत लगभग 11,400 रुपए है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कुल कीमत लगभग 2,51,400 रुपए आंकी गई है। इन नशीले पदार्थों को एक काले रंग के स्लिंग बैग और एक एक्टिवा स्कूटर की डिक्की में छिपाकर रखा गया था। एएनसी ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 22(सी) और 20(बी)(ii)(ए) के तहत एएनसी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की है। इसी के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह ऑपरेशन एएनसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरिश्चंद्र मडकईकर (जीपीएस), एएनसी पुलिस स्टेशन का प्रभार संभाल रहे हिरू कवलेकर और एएनसी के पुलिस इंस्पेक्टर सगुन सावंत की देखरेख और मार्गदर्शन में चलाया गया। वहीं, ड्रग तस्करी के नेटवर्क के स्रोत का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए एएनसी पुलिस स्टेशन के पीएसआई गौरव जी. नाइक द्वारा आगे की जांच की जा रही है। ड्रग तस्करी के खिलाफ एक अहम कार्रवाई करने के साथ, एंटी-नारकोटिक पुलिस स्टेशन ने ड्रग तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गोवा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में अपने प्रयास जारी रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
Next Story





