
x
2 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहडोल जिले में एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, ट्रक और मोबाइल फोन सहित करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश और झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। इस दौरान चालक और खलासी से पूछताछ की गई। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की विधिवत तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
18 बोरियों और 81 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, ट्रक में रखी 18 बोरियों और 81 पैकेटों से कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जयसिंहनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
साइबर ठगी के मामलों में भी बड़ी कार्रवाई
मध्य प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के साथ साइबर अपराध के मामलों में भी कार्रवाई की है। पिछले दो सप्ताह में विभिन्न जिलों में ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी बैंक खातों और निवेश के नाम पर ठगी से जुड़े मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बैतूल जिले की बैतूल बाजार थाना पुलिस ने ऑनलाइन रोबोट्रेड एप्लीकेशन के माध्यम से 1 करोड़ 93 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया है।
91 लाख की ठगी में फरार आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर जिले की जैतहरी थाना पुलिस ने 91 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से रकम ट्रांसफर कराई थी।
इस मामले में पुलिस ने 34 लाख रुपए की राशि होल्ड कराई है, जबकि 14 लाख रुपए से अधिक पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराए जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष राशि वापस कराने की कार्रवाई जारी है।
Next Story





