
x
रिश्वत लेते गिरफ्तार
Etawah. इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति कार्यालय के सप्लाई इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों को कथित तौर पर 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई गुरुवार को कानपुर से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों में बसरेहर क्षेत्र के सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश वर्मा और पीओएस मशीन से जुड़े निजी कर्मचारी पुष्पेंद्र कुमार व धर्म नारायण शामिल हैं। कार्रवाई के बाद तीनों को सिविल लाइन थाने ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
जानकारी के मुताबिक, एंटी करप्शन टीम को ओम शरण नाम के व्यक्ति से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे टीम इटावा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पूर्ति कार्यालय पहुंची। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को कथित रिश्वत की रकम लेकर कार्यालय भेजा गया। आरोप है कि जैसे ही 30 हजार रुपए की रकम स्वीकार की गई, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया।
कार्रवाई निरीक्षक अर्चना शुक्ला के निर्देशन में की गई। अचानक एंटी करप्शन टीम के पहुंचने से जिला पूर्ति कार्यालय में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेने के साथ मामले से संबंधित दस्तावेजी कार्रवाई भी शुरू की। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि 30 हजार रुपए की कथित रिश्वत किस काम के बदले मांगी गई थी। सप्लाई इंस्पेक्टर और दोनों निजी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इटावा में करीब ढाई महीने के भीतर एंटी करप्शन टीम की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले 11 जुलाई को सीएमओ कार्यालय में डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को कथित तौर पर 55 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया था।
Next Story





