भारत

आजम खान यूनिवर्सिटी पर बड़ा एक्शन, 38 भवनों पर चलेगा बुलडोजर

SHIDDHANT
15 July 2026 7:57 PM IST
आजम खान यूनिवर्सिटी पर बड़ा एक्शन, 38 भवनों पर चलेगा बुलडोजर
x
जौहर यूनिवर्सिटी को मिला 15 दिन का नोटिस
Rampur रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में जेल में बंद मोहम्मद आजम खान की ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने यूनिवर्सिटी परिसर में बने 40 भवनों में से 38 भवनों को बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्मित अवैध निर्माण मानते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया है। संस्थान को 15 दिनों के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर प्राधिकरण नियमानुसार ध्वस्तीकरण करेगा। रामपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार, जौहर यूनिवर्सिटी सदर तहसील के ग्राम सिंगनखेड़ा में स्थित है, जिसे वर्ष 2024 में प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में शामिल किया गया था। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन से भवनों के स्वीकृत मानचित्र और निर्माण संबंधी दस्तावेज मांगे गए। प्राधिकरण का कहना है कि नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले में लिखित जवाब लेने के साथ संस्थान को व्यक्तिगत सुनवाई का भी अवसर दिया गया। विस्तृत जांच और सुनवाई के बाद यह पाया गया कि परिसर में बने 40 भवनों में से केवल दो भवनों के मानचित्र स्वीकृत थे, जबकि शेष 38 भवन बिना वैध स्वीकृति के निर्मित पाए गए। इसके आधार पर ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया। रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जांच में अधिकांश भवनों का निर्माण बिना अनुमति और बिना स्वीकृत
नक्शे
के किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि संस्थान निर्धारित 15 दिनों के भीतर स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाता है तो विकास प्राधिकरण नियमानुसार कार्रवाई करेगा। यह मामला अब प्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बन गया है।
Next Story