
x
CM रेखा गुप्ता ने खुद संभाला मोर्चा
दिल्ली। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर मंगलवार, 3 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने करीब 7,000 किलोग्राम अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल मच गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचीं और खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जब्त खाद्य सामग्री, जांच प्रक्रिया और बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध और असुरक्षित खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में बाजार तक नहीं पहुंचनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावटखोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने आजतक से बातचीत में बताया कि मोरी गेट इलाके में बड़े पैमाने पर नकली मावा लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सोमवार देर शाम खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ कार्रवाई की योजना तैयार की गई। योजना के अनुसार मंगलवार सुबह मोरी गेट की खोया मंडी में छापेमारी की गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया मिला, जिसे विभाग ने जब्त कर नष्ट कराया। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान कुल 44 निगरानी नमूने लिए गए। इनमें से 35 नमूने प्रारंभिक जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा दो नमूनों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अंतिम प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित नमूनों की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली में नकली मावा और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार या संग्रहित दूध से बने उत्पाद स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। ऐसे उत्पादों के सेवन से पेट संबंधी संक्रमण और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। त्योहारों के दौरान लोगों को मिठाई और मावा खरीदते समय गुणवत्ता, ताजगी और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। संदिग्ध गंध, असामान्य रंग या खराब गुणवत्ता वाले उत्पाद खरीदने से बचना चाहिए। दिल्ली सरकार की इस कार्रवाई को त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट और आगे की विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।
Next Story





