भारत

बड़ी कार्रवाई, बंद दुकान से 25 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त

SHIDDHANT
28 May 2026 9:55 PM IST
बड़ी कार्रवाई, बंद दुकान से 25 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त
x
ब्रेकिंगन्यूज
Indore इंदौर: खाद्य आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोठारी मार्केट के पास स्थित महाराजा कॉम्प्लेक्स की एक दुकान से 25 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा दुकान संचालक की पहचान की जा रही है। जानकारी के अनुसार, विभाग को शिकायत मिली थी कि महाराजा कॉम्प्लेक्स में एक बंद दुकान के अंदर बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे गए हैं। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एसएस गामड़ ने बताया कि विस्फोटक और अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि दुकान का शटर बंद था और अंदर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर रखे होने की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने मौके से 25 सीलबंद कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि दुकान किसके नाम पर थी और सिलेंडरों को वहां किस उद्देश्य से रखा गया था। विभाग इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि कहीं गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या गलत तरीके से उपयोग तो नहीं किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके की भी जांच की गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े कई अहम तथ्य अभी सामने आने बाकी हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस भंडारण और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है।
Next Story