
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा मुनि की रेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही थी। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक सभी 20 घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा जा चुका है। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह डायल 112 के माध्यम से बस संख्या UK09PA9779 के गूलर के पास खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुनि की रेती थाने के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों से पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और SDRF के जवान खाई में उतरे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और SDRF की टीमों को खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाना पड़ा।
अब तक करीब 20 घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। मौके पर SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फायर सर्विस के जवान भी पुलिस और SDRF के साथ मिलकर अभियान चला रहे हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनि की रेती थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा पुलिस के उच्चाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।





