
x
टेंट बचाने दौड़े लोग, हाईटेंशन तार से पाइप टकराते ही मचा हड़कंप
प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में कांग्रेस की बैठक शुरू होने से पहले दर्दनाक हादसा हो गया। रेणंदा गांव में तेज हवा के कारण टेंट उड़ने लगा। उसे संभालने के दौरान लोहे के पाइप हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे कई लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
टेंट संभालते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, रेणंदा गांव में पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक आयोजित की जानी थी। कार्यक्रम में करीब 150 से 200 लोगों के शामिल होने की तैयारी थी। इसी दौरान तेज हवा चलने से टेंट उड़ने लगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने टेंट को संभालने के लिए लोहे के पाइप पकड़ लिए। तभी पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गए और करंट फैल गया।
दो लोगों की मौत, 13 अस्पताल में भर्ती
हादसे में मोहन मीणा और अर्जुन मीणा की मौत हो गई। वहीं, 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट विजेश पंड्या और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सिहाग अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विधायक के पहुंचने से पहले हादसा
बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक नानालाल निनामा भी बैठक में शामिल होने वाले थे। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन घायलों के उपचार की निगरानी कर रहा है।
Next Story





