भारत

मेंटेनेंस स्टाफ की गुंडागर्दी, रेजिडेंट्स के साथ की मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
27 Jun 2025 3:35 PM IST
मेंटेनेंस स्टाफ की गुंडागर्दी, रेजिडेंट्स के साथ की मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
x
देखें वीडियो.
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज 1 हाउसिंग सोसायटी में एक बार फिर हंगामा और मारपीट का वीडियो सामने आया है। यह मारपीट मेंटेनेंस स्टाफ और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने वहां रहने वाले रेजिडेंट के साथ की है। डंडों और लात घूंसों से सोसायटी के निवासियों को मारा गया। इसके बाद पुलिस शिकायत हुई और पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सुपरटेक इकोविलेज-1 हाउसिंग सोसाइटी में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ स्थानीय निवासी खराब लाइट और सुविधाओं को लेकर मेंटेनेंस ऑफिस में शिकायत करने पहुंचे। लेकिन शिकायत सुनने की बजाय, मेंटेनेंस एजेंसी 'ग्रेविटी' के स्टाफ ने रेजिडेंट्स के साथ खुलेआम बदसलूकी और मारपीट शुरू कर दी। घटना थाना बिसरख क्षेत्र की है।
बताया जा रहा है कि मेंटेनेंस स्टाफ ने रेजिडेंट्स को गालियां दीं और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। लोगों ने इसका विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना बिसरख की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए मेंटेनेंस स्टाफ कर्मियों में रविन्द्र (निवासी सेक्टर-3, बी ब्लॉक, बिसरख), सोहित (निवासी ग्राम दुजाना, बादलपुर), सचिन कुन्तल (निवासी मथुरा, वर्तमान पता अवध अपार्टमेंट, बरौला, सेक्टर-49, नोएडा) और विपिन कसाना (निवासी ग्राम नगला सैंथली, थाना जारचा) शामिल हैं। सभी की उम्र 27 से 33 वर्ष के बीच है। इस घटना से सोसायटी के निवासियों में रोष है।
उनका कहना है कि ग्रेविटी मेंटेनेंस एजेंसी लगातार लापरवाही बरत रही थी और जब लोग अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचे, तो उन्होंने गुंडागर्दी पर उतरकर मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय निवासियों ने एजेंसी को हटाने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन इस पर सख्त कदम नहीं उठाता, तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story