भारत
मध्य प्रदेश: पीएमजेजेबीवाई बनी गरीबों के लिए वरदान, दमोह में परिवार को मिला आर्थिक सहारा
jantaserishta.com
23 Feb 2026 8:31 AM IST

x
दमोह: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) देश के करोड़ों परिवारों के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच बनकर उभरी है। बेहद कम प्रीमियम में 2 लाख रुपए तक का जीवन बीमा कवर देने वाली यह योजना विशेष रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत दे रही है। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भी कई आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक के पिडराई गांव की रहने वाली वर्षा चक्रवर्ती की 31 मई 2025 को जबलपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। वर्षा के पति बेड़ी चक्रवर्ती ने आईएएनएस को बताया कि उनकी पत्नी का खाता तेंदूखेड़ा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में था और केवल दो वर्षों तक ही उनके खाते से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का प्रीमियम कटा था। इसी दौरान उनकी पत्नी का निधन हो गया।
उन्होंने बताया कि पत्नी के इलाज में उन्होंने अपनी पूरी जमा-पूंजी खर्च कर दी थी और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। कुछ महीनों बाद उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी इस बीमा योजना से जुड़ी थीं। इसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। करीब नौ महीने के भीतर उन्हें 2 लाख रुपए की बीमा राशि प्राप्त हो गई, जिससे परिवार को आर्थिक सहारा मिला।
तेंदूखेड़ा स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक निशांत चौरसिया ने आईएएनएस को बताया कि उनकी शाखा से इस योजना के अंतर्गत दो लोगों को लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि यह योजना वास्तव में “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करती है और आमजन के जीवन में भरोसे की नई रोशनी जगा रही है।
दरअसल, इस योजना का उद्देश्य हर परिवार को सस्ती और सरल जीवन बीमा सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बैंक खाताधारक मात्र 436 रुपए वार्षिक प्रीमियम देकर 2 लाख रुपए तक का जीवन बीमा कवर प्राप्त कर सकता है। सरल पंजीकरण और ऑटो-डेबिट सुविधा ने इसे ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए बेहद सुगम बना दिया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





