
x
आग की लपटों से मची अफरा तफरी
Mumbai मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के गोरेगांव इलाके में आरे मेट्रो स्टेशन के नीचे एक लक्जरी बस में अचानक भीषण आग लग गई। पश्चिमी द्रुतगति महामार्ग के किनारे खड़ी बस देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो ट्रेन की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में तकनीकी खराबी आने के बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतर गया। चालक के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद बस के अंदर जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
बस में लगी आग का धुआं आरे मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया। धुएं का गुबार देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री घबरा गए। सुरक्षा को देखते हुए कुछ यात्रियों को मेट्रो से बाहर निकाला गया। दम घुटने जैसी स्थिति को देखते हुए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। आग की घटना के कारण मेट्रो संचालन भी प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए ट्रेनें रोकनी पड़ीं। वहीं, पश्चिमी द्रुतगति महामार्ग पर भी यातायात की रफ्तार धीमी हो गई। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक आग की ऊंची लपटें देखकर सहम गए।
गनीमत रही कि हादसे के समय बस लगभग खाली थी और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रशासन ने घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
Next Story





