भारत

सस्ते ड्राई फ्रूट्स के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हुए एक्टर, खाते से निकले 98 हजार, लेकिन...

jantaserishta.com
20 Dec 2025 1:15 PM IST
सस्ते ड्राई फ्रूट्स के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हुए एक्टर, खाते से निकले 98 हजार, लेकिन...
x
पुलिस की तत्परता की वजह से ठगी की रकम को रिकवर कर लिया गया.
मुंबई: टीवी शो 'महाभारत' में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले अभिनेता गजेंद्र सिंह चौहान के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने अभिनेता के बैंक अकाउंट से 98 हजार रुपए निकाल लिए, लेकिन गनीमत रही कि मुंबई की ओशिवारा पुलिस की तत्परता की वजह से ठगी की रकम को रिकवर कर लिया गया।
दरअसल अभिनेता गजेंद्र सिंह चौहान ने 10 दिसंबर को फेसबुक पर डी-मार्ट पर ड्राई फ्रूट्स बेहद सस्ते दामों में उपलब्ध होने का एक विज्ञापन देखा। ड्राई फ्रूट्स खरीदने के लिए उन्होंने विज्ञापन के लिंक पर क्लिक किया और अपने वेरिफिकेशन के लिए अपने बैंक खाते की ओटीपी भी शेयर कर दी। ओटीपी शेयर होने के तुरंत बाद ही उनके फोन पर 98 हजार रुपए के डिडक्शन का मैसेज आ गया। गजेंद्र चौहान ने तुरंत ओशीवारा पुलिस स्टेशन में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद ओशिवरा पुलिस स्टेशन की साइबर सेल की तत्परता और कुशल कार्रवाई से रकम को रिकवर कर लिया गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण तथा पुलिस निरीक्षक आनंद पगारे ने साइबर सेल के अधिकारी पुलिस उप निरीक्षक शरद देवरे, एएसआई अशोक कोंडे और पुलिस कांस्टेबल विक्रम सरनोब की मदद से मामले को सुलझाया।
साइबर सेल के अधिकारियों ने पाया कि ठगी की रकम राजोरपे से क्रोमा की तरफ ट्रांसफर की जा रही है। सेल अधिकारियों ने राशि को होल्ड करवाया और रकम को वापस अभिनेता के खाते में ट्रांसफर कराया। घटना के बाद अभिनेता गजेंद्र सिंह चौहान ने लोगों से अपील की है कि वे सस्ते और भारी डिस्काउंट के झांसे में न आएं, क्योंकि ऐसे विज्ञापन फर्जी होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं तो बिना किसी देरी के अपनी स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।
बता दें कि साइबर ठगों के झांसों से बचाने के लिए सरकार और देशभर की पुलिस अभियान चलाती है और किसी भी अनजाने लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी शेयर न करने की सलाह देती है। अभिनेता गजेंद्र सिंह चौहान टीवी सीरियल से लेकर कई फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। वे 2000 में आई 'बिल्ला नंबर 786', 2002 में आई 'तुमको ना भूल पाएंगे' और 2015 में आई '1920 लंदन' समेत कई फिल्मों में दिख चुके हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story