भारत

Ludhiana: कांट्रेक्ट किलिंग से पहले ही हरकत में आई लुधियाना पुलिस, साजिश नाकाम

Admindelhi1
17 July 2025 8:22 PM IST
Ludhiana: कांट्रेक्ट किलिंग से पहले ही हरकत में आई लुधियाना पुलिस, साजिश नाकाम
x
"पुलिस ने कांट्रेक्ट किलिंग की साजिश को किया नाकाम"

लुधियाना: पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा, आईपीएस के नेतृत्व में और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह व एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन अमनदीप बराड़ की निगरानी में लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने कांट्रेक्ट किलिंग की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। स्वप्न शर्मा ने जानकारी दी कि एक व्यक्ति प्रेम सिंह बब्बर ने पुलिस से संपर्क कर अपनी जान की सुरक्षा की मांग की थी, क्योंकि कुछ आरोपियों द्वारा उसकी हत्या की योजना बनाई जा रही थी। इस सूचना के आधार पर टीमें गठित की गईं। थाना सदर में सीआरपीएफ कॉलोनी फेज-1 दुगरी के अमित कुमार, सिमरनजीत सिंह उर्फ बग्गा, तजिंदर सिंह उर्फ पाला, लखा और किशन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सीपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि अमित कुमार ने ही बाकी आरोपियों को प्रेम सिंह की हत्या के लिए उकसाया और उन्हें 3 लाख रुपये की सुपारी भी दी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से 2 लाख 70 हजार रुपये, 2 दातर व दो अवैध हथियार बरामद किए। जिनसे हत्या की साजिश रची गई थी।

आरोपियों पर पहले से है मामले दर्ज: सीपी शर्मा ने बताया कि मास्टरमाइंड अमित कुमार पर पहले से ही दो एफआईआर दर्ज हैं। वहीं, सिमरनजीत सिंह के खिलाफ नशा तस्करी व झपटमारी की तीन एफआईआर दर्ज हैं। आरोपी तजिंदर सिंह उर्फ पाला के खिलाफ नशा तस्करी समेत कई हार्ड क्राइम के 8 केस दर्ज हैं।

सिमरनजीत ने तैयार किए बाकी आरोपी: अधिकारियों के अनुसार मास्टरमाइंड अमित ने सिमरनजीत सिंह को अपने बसंत सिटी स्थित ऑफिस में बुलाया। जहां यह सौदा और पेमेंट हुआ। इसके बाद सिमरनजीत ने तजिंदर उर्फ पाला से संपर्क किया, जिसने लक्खा और किशन को इस योजना में शामिल किया। हत्या की यह साजिश पुरानी रंजिश और भूमि विवादों के चलते रची गई थी, जिसमें आरोपी अमित कुमार कानूनी मामलों में बढ़ती दुश्मनी का बदला लेना चाहता था।

Next Story