भारत

Lucknow: यूपी में विकास की रफ्तार तेज, सड़कों पर खर्च होंगे 6,124 करोड़ रुपये

Admindelhi1
25 May 2025 2:45 PM IST
Lucknow: यूपी में विकास की रफ्तार तेज, सड़कों पर खर्च होंगे 6,124 करोड़ रुपये
x
"बाईपास और फ्लाईओवर बनेंगे"

लखनऊ: योगी सरकार प्रदेश में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए वृहद स्तर पर रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर रही है। एक ओर एक्सप्रेसवे, हाईवे और राष्ट्रीय व राज्य मार्गों का तेजी से विस्तार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए रिंग रोड, बाईपास और फ्लाईओवर का निर्माण प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

62 नई सड़क परियोजनाओं पर होगा कार्य: सरकार के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 62 प्रमुख सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिनकी कुल अनुमानित लागत 6,124 करोड़ रुपये है।

इनमें रिंग रोड, बाईपास और फ्लाईओवर के निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य यातायात जाम से राहत दिलाना और आवागमन को सुगम बनाना है। यह परियोजनाएं आबादी के घनत्व और ट्रैफिक लोड जैसे मापदंडों के आधार पर चयनित की गई हैं।

औद्योगिक विकास और ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी में मददगार: प्रवक्ता ने बताया कि औद्योगिक पार्कों के विकास और फ्रेट मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए यह रोड नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इन कनेक्टिविटी परियोजनाओं से राज्य के व्यापार, उद्योग और निवेश को बल मिलेगा। यह कदम उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाने के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगा।

बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता: PWD द्वारा तय योजना के अनुसार, एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगर पालिकाओं व नगर परिषदों को इन परियोजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। स्थानीय निकायों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर निर्माण कार्य किए जाएंगे।

हालांकि, जिन क्षेत्रों से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) गुजरते हैं, वहां की रिंग रोड और बाईपास परियोजनाएं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा पूरी की जाएंगी।

Next Story