भारत

'लखनऊ मेरी तपोभूमि', उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंचे CEC ज्ञानेश कुमार, छात्रों-शिक्षकों और बीएलओ से करेंगे मुलाकात

jantaserishta.com
24 Aug 2026 9:06 AM IST
लखनऊ मेरी तपोभूमि, उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंचे CEC ज्ञानेश कुमार, छात्रों-शिक्षकों और बीएलओ से करेंगे मुलाकात
x
लखनऊ: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में भारतीय निर्वाचन आयोग का एक प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय राज्य के दौरे पर सोमवार को लखनऊ पहुंचा। सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने के लिए आया है।
लखनऊ पहुंचने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, "लखनऊ मेरी तपोभूमि रही है, यहां मेरी शिक्षा भी हुई और उच्च शिक्षा के लिए हम आईआईटी चले गए। बहुत दिनों के बाद अपनी कर्मभूमि लखनऊ आया हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "हम उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संदेश देने के लिए आए हैं। खासतौर पर हम अपने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से बात करेंगे, जो लोकतंत्र की नींव हैं और उन्हें कुछ अहम बातें समझाएंगे। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और पूरी चुनाव प्रक्रिया के बारे में समझाने के लिए उत्तर प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों और स्कूलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।"
अपनी बात खत्म करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने सभी मतदाताओं का एक बार फिर अभिवादन किया। निर्वाचन आयोग के इस प्रतिनिधिमंडल के उत्तर प्रदेश दौरे का उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनावों की शुरुआती तैयारियों का जायजा लेना और जमीनी स्तर पर चुनावी मशीनरी के कामकाज का आकलन करना है।
सीईसी ज्ञानेश कुमार कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध ऑडिटोरियम में छात्रों से बातचीत करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपनी शुरुआती शिक्षा इसी संस्थान से प्राप्त की थी। बाद में, वे लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी 2.0) और ईसीआईनेट पर आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। ईएलसी 2.0 और ईसीआईनेट पर यह क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों में लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में आयोजित किया जाएगा।
पहला चरण लखनऊ से शुरू होगा, जिसमें 20 जिले शामिल रहेंगे। इन जिलों के 120 विधानसभा क्षेत्रों के 440 संस्थानों से लगभग 1,500 छात्र, शिक्षक, प्रिंसिपल और शिक्षण संस्थानों के प्रमुख भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने और उनमें चुनाव से जुड़ी समझ बढ़ाने पर होगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story