- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow : सर्दी ने हर...
Lucknow : सर्दी ने हर किसी को किया परेशान , धूप के लिए तरसते रहे ठंड से कांपते लोग

लखनऊ। जनवरी माह की सर्दी ने हर किसी को परेशान कर रखा है। शुक्रवार को दिनभर सूर्य के दर्शन नहीं हुए। आसमान में कोहरा व धुंध छाया रहा। गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोग ठंड से कांपते रहे। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए हीटर और ब्लोवर का इंतजाम किया गया। ठंड की वजह …
लखनऊ। जनवरी माह की सर्दी ने हर किसी को परेशान कर रखा है। शुक्रवार को दिनभर सूर्य के दर्शन नहीं हुए। आसमान में कोहरा व धुंध छाया रहा। गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोग ठंड से कांपते रहे। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए हीटर और ब्लोवर का इंतजाम किया गया। ठंड की वजह से सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 5.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम लगातार कहर बरपा रहा है। शुक्रवार को दिन की शुरुआत हल्के कोहरे व गलन के बीच हुई। लोग ठिठुरन से कांपते रहे। दोपहर तक बादलों की आवाजाही से गलन बनी रही। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। लोग घरों में हीटर और ब्लोअर के आगे बैठे रहे। ठंड की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
एम्स के हृदय रोग विभाग में चार बजे तक ओपीडी
ठंड के कारण दिल के रोगियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। एम्स में शुक्रवार को हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित गुप्ता ने शाम चार बजे तक ओपीडी में मरीजों को चिकित्सीय सलाह दी। उन्होंने बताया कि सर्दी का मौसम होने के कारण रोजाना करीब 200 मरीज तक ओपीडी में आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि हृदय रोग से बचने के लिए ठंड से बचना जरूरी है। गर्म कपड़े पहनने के साथ गर्म पानी का प्रयोग करें। नहाने के लिए भी गर्म पानी का ही प्रयोग करें। समस्या होने पर चिकित्सीय सलाह लें।
जिला अस्पताल में 10 मरीज भर्ती
जिला अस्पताल में शुक्रवार को जुकाम, बुखार, सीने में दर्द और डायरिया के 10 से अधिक मरीज भर्ती कराए गए। जिनका इलाज किया जा रहा है। जिला अस्पताल में अंकित (30), जगदीश (32), एकता (5), सुमित (40), नोखेलाल (40), नंदिनी (20), फूलदुलारी (60), दीपेंद्र (9), शिवनाथ (75), राकेश (32) को भर्ती कराया गया है। सीएमएम डॉ. महेंद्र मौर्या ने बताया कि मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बंदोबस्त हैं। लोग ठंड से बचने का प्रयास करें।
नवजात की मौत
शिवगढ़ क्षेत्र के भौंसी की पूनम की बृहस्पतिवार की रात जिला अस्पताल में प्रसव हुआ। प्रसव के बाद ही नवजात की हालत गंभीर हो गई। शुक्रवार को इलाज के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया।
