भारत

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलवामा और शोपियां में बहुउद्देशीय सिनेमा हॉल का किया उद्घाटन

Nilmani Pal
18 Sep 2022 9:49 AM GMT
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलवामा और शोपियां में बहुउद्देशीय सिनेमा हॉल का किया उद्घाटन
x

कश्मीर। दक्षिण कश्मीर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। रविवार को दक्षिण कश्मीर के जिला शोपियां और पुलवामा में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मल्टीपर्पज सिनेमा हाल का उद्घाटन किया। 1990 में बिगड़े हालातों के बीच कश्मीर में सिनेमा हाल बंद हो गए थे, लेकिन अब घाटी की तस्वीर बदल रही है।

इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। पुलवामा और शोपियां में बहुउद्देशीय सिनेमा हॉल की शुरुआत की गई है। यह मूवी स्क्रीनिंग और इंफोटेनमेंट का अच्छा साधन बनेगा। दशकों के बाद कश्मीर घाटी के लोग अपने क्षेत्र में बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का आनंद ले सकेंगे। इससे कारोबार, पर्यटन से जुड़े लोगों के साथ ही आमजन में खुशी है। उनका कहना है कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को भी सिनेमा का मजा लेने के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर जम्मू नहीं जाना पड़ेगा।

एक अन्य स्थानीय नागरिक ने कहा कि सिनेमा और कश्मीर का नाता पुराना है, लेकिन आतंक के चलते इस रिश्ते में कुछ दूरियां बढ़ गई थीं, जिन्हें अब धीरे-धीरे मिटाया जा रहा है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि यहां फिल्म शूटिंग के लिए उचित इंतजाम किए जाएं। इससे फिल्म निर्माताओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।

Next Story