
x
छात्रों के विरोध के बाद परीक्षाएं स्थगित
Punjab पंजाब: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से जुड़ी कथित घटना की अफवाह के बाद जारी विरोध प्रदर्शन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यूनिवर्सिटी को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और इस दौरान होने वाली परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार से विश्वविद्यालय परिसर के बाहर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और कुछ पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अफवाह के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एक छात्रा से रेप की अफवाह फैलने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के बाहर एकत्रित हो गए और मामले की जांच तथा कार्रवाई की मांग करने लगे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने का प्रयास किया गया। प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच की गई है और छात्रों की ओर से उठाई गई मांगों पर ध्यान दिया गया है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रखा पक्ष
LPU के डीन सौरव लखनपाल ने बताया कि जब छात्रों ने मामले को विश्वविद्यालय के संज्ञान में लाया तो इसे गंभीरता से लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने छात्रों की मांगों को ध्यान में रखते हुए CCTV फुटेज दिखाने समेत कई कदम उठाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी छात्रा या हॉस्टल से जुड़ी ठोस जानकारी सामने नहीं आई। प्रशासन ने छात्रों से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की थी। डीन ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी जरूरी कार्रवाई में प्रशासन, पुलिस और वार्डन की ओर से सहयोग किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। फिलहाल परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है और नई तारीखों की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बाद में जारी की जाएगी। मामले में पुलिस भी जांच कर रही है और अफवाह फैलाने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Next Story





