भारत

शादी से इनकार पर प्रेमी की हत्या

SHIDDHANT
9 March 2026 11:43 PM IST
शादी से इनकार पर प्रेमी की हत्या
x
प्रेम विवाद ने जन्म दिया निर्मम हत्याकांड
Ranchi रांची: जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक महिला ने अपने प्रेमी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने और शव को ठिकाने लगाने के लिए महिला ने अपने भाई और बहन की मदद ली। इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने दस दिनों से लापता विजय कुमार दास नामक युवक का शव टेंगरिया गांव स्थित एक सुनसान कुएं से बरामद किया। जानकारी के अनुसाार आरोपियों ने अपराध को छिपाने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार कर दी थीं। आरोप‍ियों ने विजय के शव को उसी की मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गहरे पानी में फेंक दिया था, ताकि वह ऊपर न आ सके।
रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने सोमवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विजय कुमार दास एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसका प्रेम संबंध रोशनी देवी नामक महिला के साथ था। रोशनी उसपर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन विजय टालमटोल कर रहा था। बताया गया कि 29 वर्षीय विजय 24 फरवरी 2026 की रात को अपने दोस्त की मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला और उसके बाद नहीं लौटा। परिजनों के संदेह के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियां रोशनी देवी तक पहुंची। पुलिस की तकनीकी जांच और रोशनी, उसकी बहन सीमा देवी और भाई भूपेश से हुई कड़ी पूछताछ में वारदात की पूरी कहानी का खुलासा हुआ।
साजिश के तहत रोशनी ने उस रात विजय को बुलाया था। वह उसे बेड़ो स्थित अपने एक नवनिर्मित मकान में ले गई, वहां उसे शराब पिलाई गई। जैसे ही विजय नशे की हालत में बेसुध हुआ, रोशनी ने अपने भाई और बहन के साथ मिलकर पहले चाकू से उसका गला रेत दिया और फिर उसके पेट में वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। खून से लथपथ शव को ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने उसे बोरे में भरा और मोटरसाइकिल समेत कुएं में धकेल दिया। पुलिस ने शव और वाहन बरामद कर ल‍िया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी रोशनी के घर से जब्त कर लिया गया है।
Next Story