भारत

प्रेमिका की हत्या कर बोरी में शव बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा था प्रेमी, चेकिंग में चढ़ा पुलिस के हत्थे

jantaserishta.com
14 Sept 2026 8:06 AM IST
प्रेमिका की हत्या कर बोरी में शव बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा था प्रेमी, चेकिंग में चढ़ा पुलिस के हत्थे
x
फैली सनसनी.
पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में प्रेम संबंध के विवाद में एक युवती की कथित तौर पर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक ने अपनी 21 वर्षीय प्रेमिका की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक की बोरी में लपेटकर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा था. इसी दौरान पुलिस की नाका चेकिंग में आरोपी पकड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार महतो (23) के रूप में हुई है. वह बाघमुंडी थाना क्षेत्र के हुरुमदा गांव का रहने वाला है. वहीं मृतका की पहचान प्रितिका महतो (21) के रूप में हुई है, जो बाघमुंडी थाना क्षेत्र के बुड़दा गांव की रहने वाली थी.
पुलिस के मुताबिक अमित पढ़ाई और नौकरी की तैयारी के लिए पुरुलिया शहर से सटे टामना थाना क्षेत्र में एक मेस में रहता था. प्रितिका भी इलाके में रहती थी और नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही थी. शनिवार को प्रितिका अमित के मेस में गई थी.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इसी मेस में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर युवती की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक में लपेटा और देर रात बाइक से उसे ठिकाने लगाने के लिए पुरुलिया के बाघमुंडी-बालरामपुर रोड की ओर निकल पड़ा. इसी दौरान पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिस की नाका चेकिंग चल रही थी.
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार अमित को रोक लिया. जांच में प्लास्टिक में लिपटा शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमित और प्रितिका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते थे. पुलिस को आशंका है कि प्रेम संबंध में चल रहे विवाद और आपसी तनाव के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.
पुलिस ने आरोपी अमित कुमार महतो को पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग की. अदालत ने आरोपी को 9 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की पूरी कड़ी और आरोपी के बयान की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को कहां ले जाकर ठिकाने लगाने की योजना थी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story