
x
युवती को प्रेमजाल में फंसाकर की शादी, आरोपी इरशाद फरार
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फर्जी पहचान के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आशियाना थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। पीड़िता के अनुसार वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम राहुल बताया था। महिला का आरोप है कि युवक ने खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की और बाद में प्रेम संबंध स्थापित कर लिए। आरोप है कि शादी का वादा कर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने शिकायत में कहा है कि आरोपी ने इस दौरान उसके आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करने लगा। जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने जनवरी 2026 में एक मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद भी आरोपी उसे अपने परिवार से नहीं मिलवाता था। जब उसने स्वयं आरोपी के परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि उसका वास्तविक नाम राहुल नहीं बल्कि इरशाद अहमद है। महिला का दावा है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर उसे धोखे में रखा।
महिला ने आरोपी और उसके परिजनों पर मारपीट, धमकी देने तथा धर्म परिवर्तन कर निकाह करने के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं। साथ ही घर से नकदी और आभूषण गायब होने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार, महिला की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





