भारत

प्यार धोखा और मौत! ब्लाइंड मर्डर केस में बड़ा खुलासा, टूटा मोबाइल पहुंचा हत्यारों तक

SHIDDHANT
18 Sept 2026 9:46 PM IST
प्यार धोखा और मौत! ब्लाइंड मर्डर केस में बड़ा खुलासा, टूटा मोबाइल पहुंचा हत्यारों तक
x
नहर किनारे मिली लाश से शुरू हुई जांच प्रेमी और मां तक पहुंची पुलिस
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में युवती ज्योति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, यह ब्लाइंड मर्डर केस था, जिसमें युवती की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी मोहित ने की थी। पुलिस ने आरोपी मोहित और उसकी मां ओमवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सैनपुर उर्फ शहजादपुर गांव में ज्योति की हत्या के बाद उसका शव साखन नहर से बरामद हुआ था। शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने मामले की कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि मोहित और ज्योति के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस का दावा है कि मोहित अब अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था और उसे डर था कि ज्योति के साथ पुराने संबंधों की जानकारी सामने आने से उसकी शादी और परिवार की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।
छत पर बुलाकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को मोहित ने ज्योति को अपने घर की छत पर बुलाया। आरोप है कि वहां उसने ज्योति का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद मोहित ने अपनी मां ओमवती को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
बाइक से ले गए शव नहर में फेंका
पुलिस जांच के मुताबिक, मां-बेटे ने शव को बाइक पर रखकर साखन नहर तक पहुंचाया। आरोप है कि उन्होंने शव को नहर में फेंक दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि, शव पानी के बहाव में दूर जाने के बजाय नहर किनारे ही रह गया और अगले दिन बरामद हो गया। पुलिस ने बताया कि मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। बाइक का नंबर UP-11 DB-3290 बताया गया है।
पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया, जबकि उसकी मां ओमवती को घर से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Next Story