भारत
प्रेम-प्रसंग: पुलिस के शिकंजे में आया प्रेमी, एक भूल ने ली लड़की की जान, सदमे में परिजन
jantaserishta.com
22 March 2024 5:18 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
परिजनों ने हंगामा किया।
आगरा: यूपी में प्रेम-प्रसंग में हुई भूल के चलते एक युवती की जान चली गई। आगरा जिले के रुनकता (सिकंदरा) निवासी 19 वर्षीय युवती चार माह से गर्भवती थी। बुधवार की रात उसकी हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। आरोप है कि गर्भपात के लिए वह प्रेमी की बात मानती चली गई। प्रेमी उसे शिकोहाबाद तक ले गया। एक जगह भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर युवती को एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर आया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना पर आए युवती के परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने प्रेमी को पकड़ लिया है। युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर पर पुलिस मुकदमा लिखकर कानूनी कार्रवाई करेगी।
युवती ने इस साल इंटरमीडिएट के परीक्षा दी थी। गांव महल निवासी विनय कोचिंग में साथ पढ़ता था। दो साल से दोनों के बीच दोस्ती थी। दोस्ती प्यार में बदल गई। युवती चार माह से गर्भवती थी। पुलिस के अनुसार यह बात युवती ने अपने परिजनों से छिपाई। वह बिन ब्याही मां बनने से बचना चाहती थी। प्रेमी ने जैसा बताया वह वैसा करती गई। सोमवार को बहाने से अपनी नानी के घर कमला नगर आ गई। बुधवार की सुबह एक सहेली उसकी नानी के घर आई। चुपके से युवती उसके साथ घर से बाहर निकल आई। गर्भपात के लिए विनय युवती को शिकोहाबाद लेकर पहुंचा।
आठ मार्च को भी विनय ने शिकोहाबाद में युवती को एक डॉक्टर को दिखाया था। गर्भपात की बात की थी। डॉक्टर ने युवती को खून की कमी बताई थी। एक यूनिट खून लेकर आने को कहा था। बुधवार को विनय बाइक से युवती को लेकर शिकोहाबाद पहुंचा। उसे डॉक्टर के यहां भर्ती कराया। एक यूनिट खून भी ले गया था। वहां युवती की हालत बिगड़ गई। शाम चार बजे युवती ने अपनी भाभी को फोन किया। बताया कि तबियत खराब हो गई है। खून चढ़ रहा है। इसके बाद फोन कट गया। रात को विनय एंबुलेंस से युवती को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आया, यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती की मौत की पुष्टि होते ही विनय के हाथ-पांव फूल गए। उसने ही युवती के परिजनों को फोन पर यह बताया कि उनकी बेटी की तबियत खराब है। एसएन मेडिकल कॉलेज में है। परिजन एसएन आए तो बेटी का शव मिला। उन्होंने हंगामा किया। पुलिस ने विनय और उसके एक दोस्त को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मुकदमा लिखकर आगे की कार्रवाई करेगी।
विनय ने पूछताछ में शिकोहाबाद के एक हॉस्पिटल का नाम बताया। सवाल यह उठ रहा है कि डॉक्टर बिना परिजनों के गर्भपात के लिए तैयार कैसे हो गया। पुलिस को आशंका है कि विनय युवती को किसी झोलाछाप डॉक्टर के पास लेकर गया होगा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
कुछ माह पूर्व युवती की तबियत खराब हुई थी। परिजनों ने एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। उसे खून की कमी थी। खून चढ़ा था। उस समय विनय ने खून दिया था। वह पहले से युवती के करीब था। खून देकर उसने युवती के परिजनों से भी पहचान बना ली थी। पुलिस अभी और छानबीन कर रही है।
Tagsआगराआगरा न्यूज़आगरा पुलिसयुवतीमौतप्रेमीप्रेमिकाAgraAgra NewsAgra PoliceGirlDeathBoyfriendGirlfriend
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





