
ग्वालियर में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. राष्ट्रीय राजमार्ग-79 पर रात करीब 12 बजे मजदूरों से भरा एक लोडिंग वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया. इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 मजदूर घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत ग्वालियर के जय आरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
यह हादसा चिन्का के पास हुआ. पुलिस अधिकारी राम महेश यादव के मुताबिक, ये सभी मजदूर धान की रोपाई का काम करने के लिए चीनीर क्षेत्र में आए थे. काम खत्म करने के बाद जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई.
हादसे में घायल एक व्यक्ति ने बताया कि वे लोग गांव की ओर जा रहे थे. तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे पूरा वाहन पलट गया. उसने बताया कि उसके कई साथी घायल हुए हैं और कई साथी की मौत हो चुकी है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और आसपास मौजूद राहगीरों ने मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में कई घायल स्ट्रेचर पर लेटे नजर आए. कुछ के सिर पर पट्टियां बंधी हुई थीं. डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जबकि कुछ की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टर लगातार घायलों की हालत पर नजर बनाए हुए हैं.
पुलिस अधिकारी राम महेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि लगभग रात 12 बजे नेशनल हाईवे-79 पर एक एक्सीडेंट हुआ है. इसमें कैजुअल्टी भी हुई है और करीब 25 लोग घायल हुए हैं. ये सभी लोग धान लगाने के लिए डबरा क्षेत्र के चनोर इलाके में मजदूरी करने आए थे. वहां से वापस अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान ट्रक से उनका एक्सीडेंट हो गया.
अभी हम राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं. कई लोगों की पहचान नहीं हो पाई है और उनके परिजनों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. हमारा प्रयास है कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मिल सके. अभी कई लोगों की कैजुअल्टी जानकारी सामने आई है. पांच लोगों की गोहद अस्पताल में मौत की जानकारी मिली है. यहां भी जानकारी जुटाई जा रही है. हम अभी अस्पताल पहुंच रहे हैं, उसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी.





