
x
एक्सीडेंट के बाद हत्या का आरोप
Muzaffarnagar. मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में करीब 20 वर्षीय LLB छात्र रोहन राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिम और उसके साले शावेज के रूप में हुई है। नाजिम एक मस्जिद में इमाम है। पुलिस का दावा है कि दोनों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, जिसमें उनके पैरों में गोली लगी। पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव के पास रोहन राठी का शव मिला था। वह रात में अपने दोस्त के यहां से बाइक पर घर लौट रहा था। पोस्टमार्टम में मुंह दबाकर दम घोंटने से मौत की बात सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की।
जांच में CCTV फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। पुलिस का दावा है कि घटना की रात नाजिम अपनी ससुराल जहीरपुर जा रहा था। हरेटी-जहीरपुर मार्ग पर उसने कथित तौर पर रोहन को बदमाश समझकर कार से टक्कर मार दी। इसके बाद वह अपने साले शावेज के पास पहुंचा। पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद दोनों वापस उसी रास्ते पर पहुंचे तो रोहन घायल अवस्था में मिला। आरोप है कि नाजिम को डर था कि रोहन उसे पहचान लेगा और पुलिस को घटना के बारे में बता देगा। इसी आशंका में नाजिम और शावेज ने कथित तौर पर उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाली के पास ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
पुलिस का दावा है कि आरोपी रोहन की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घड़ी भी अपने साथ ले गए। मोटरसाइकिल को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में एक मस्जिद के पास छिपाया गया था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रोहन की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घड़ी, एक कार, दो तमंचे और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। मामले में बरामद साक्ष्यों और तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की जांच जारी है।
Next Story





