भारत

मौत का LIVE मंजर...मॉल में DJ पर डांस करते टाइम युवक की हार्ट अटैक से मौत

jantaserishta.com
23 Dec 2025 12:55 PM IST
मौत का LIVE मंजर...मॉल में DJ पर डांस करते टाइम युवक की हार्ट अटैक से मौत
x
वायरल हुआ वीडियो.
फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-75 स्थित डी-मार्ट मॉल में कंपनी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस करते समय 23 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई. मृतक की पहचान देवकीनंदन के रूप में हुई है, जो पिछले चार वर्षों से इसी मॉल में कार्यरत था. यह पूरी घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे मॉल के बेसमेंट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई. जहां डीजे लगाया गया था और कर्मचारी डांस कर रहे थे.
जानकारी के अनुसार देवकीनंदन अपने एक साथी के साथ डीजे पर डांस कर रहा था. जबकि वहीं टेबल पर बैठा उसका तीसरा साथी इस डांस का वीडियो अपने फ़ोन में रिकॉर्ड कर रहा था. इसी बीच डांस करते-करते देवकीनंदन अचानक जमीन पर गिर पड़ा. वह करीब 30 से 40 सेकेंड तक जमीन पर ही बेसुध पड़ा रहा.
इस दौरान उसके साथ डांस कर रहा एक युवक पहले अपनी जैकेट खोलता है और फिर देवकीनंदन को उठाने की कोशिश करता है, लेकिन जब वह नहीं उठते तो वहां मौजूद दो अन्य लोग भी मौके पर पहुंचते हैं. सभी लोग मिलकर देवकीनंदन को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर जाते हैं, जहां डॉक्टरों ने बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी.
इसके बाद देवकीनंदन को सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. निजी अस्पताल द्वारा इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर बीपीटीपी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है. मेडिकल बोर्ड की अनुमति के बाद मंगलवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा.
बताया जा रहा है कि पूरी घटना मॉल के बेसमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है. सीसीटीवी फुटेज में देवकीनंदन डीजे पर डांस करते हुए दिखाई देता है और अचानक डांस करते-करते जमीन पर गिर जाता है. ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसे अचानक कोई अटैक आया, जिसके कारण उसकी मौत हुई, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
देवकीनंदन पिछले चार वर्षों से सेक्टर-75 स्थित डी-मार्ट मॉल में काम कर रहा था और फरीदाबाद के मुजेडी गांव में किराये पर रहता था. उसके कुछ रिश्तेदार फरीदाबाद में ही रहते हैं, जिन्होंने ही इस घटना की सूचना परिवार को दी. वह मूल रूप से जिला मथुरा के गांव मरोली गुजर, थाना सुरीला का रहने वाला था. परिवार में वह पांच भाइयों और पांच बहनों में चौथे नंबर का था. देवकीनंदन अविवाहित था और परिवार में उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी.
इस मामले में बीपीटीपी थाना के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे की है. रात करीब 10:00 बजे अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक की मौत हो गई है. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है. युवक की मौत डीजे पर डांस करते समय अचानक गिरने से हुई है.
उसे हार्ट अटैक आया या किसी अन्य कारण से उसकी मृत्यु हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किया जा सकेगा.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story