भारत

OMG! LIVE वीडियो...खुद दिया मुसीबत को दावत

jantaserishta.com
18 Dec 2025 11:13 AM IST
OMG! LIVE वीडियो...खुद दिया मुसीबत को दावत
x
वीडियो हुआ वायरल.
बुलंदशहर: हिंदी की सालों पुरानी और मशहूर कहावत 'आ बैल मुझे मार' का अर्थ हम सभी ने किताबों में पढ़ा है। इसका मतलब होता है, स्वयं ही मुसीबत को दावत देना। अब उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में इस कहावत का एक ऐसा खौफनाक और साक्षात उदाहरण सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है। सोशल मीडिया पर इसका लाइव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल हो रहा है। इसमें एक बुजुर्ग अकारण ही शांति से अपने रास्ते पर जा रहे सांड को छेड़ देते हैं और अपनी जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं।
यह सनसनीखेज घटना बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र की दुर्गापुरम कॉलोनी की है। वीडियो में दिख रहा है कि कॉलोनी की एक संकरी गली से एक सांड बड़े ही शांत स्वभाव से गुजर रहा था। वह न तो किसी को परेशान कर रहा था और न ही किसी के रास्ते में रुकावट डाल रहा था। तभी एक घर से निकले बुजुर्ग मेघराज सिंह ने आराम से जा रहे सांड को भगाने की कोशिश की। बुजुर्ग ने पास पड़ा एक पत्थर उठाया और सांड को पीछे से दे मारा। अब तक शांत दिख रहा सांड पत्थर लगते हैं भड़क उठा।
बुजुर्ग ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनकी यह छोटी-सी हरकत उन पर इतनी भारी पड़ जाएगी। पत्थर लगते ही सांड ने बिजली की फुर्ती से पीछे मुड़कर देखा और सीधे बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। सांड से बचने के लिए बुजुर्ग ने पहले वहां खड़ी एक बाइक के पीछे छिपने की कोशिश की। इसके बाद भी लगा कि वहां नहीं बच पाएंगे तो दूसरी गली की तरफ भागे। सांड ने भी सबक सिखाने की जैस कसम खा ली थी। सांड बुजुर्ग के पीछे ही पड़ गया। सांड ने अपने सींगों से बुजुर्ग को हवा में उछाल दिया और फिर बेरहमी से जमीन पर पटक दिया।
इस बीच शोरगुल, सुनकर कई लोग बाहर आए और बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की लेकिन क्रोधित सांड उन्हें बार-बार टक्कर मारता रहा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर बाहर दौड़े। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को वहां से भगाया और बुजुर्ग की जान बचाई।
सांड के इस भयानक हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो को देखकर 'आ बैल मुझे मार' की कहावत को याद कर रहे हैं। यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ी सीख है जो अक्सर बेजुबान और शांत जानवरों को बेवजह परेशान करते हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे सड़कों या गलियों में आवारा पशुओं से दूरी बनाए रखें और उन्हें बिल्कुल न उकसाएं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story