भारत

LIVE वीडियो! रात के अंधेरे में दिखा नहीं खतरा, गड्ढे में जा गिरा बाइक सवार

jantaserishta.com
17 Sept 2026 10:04 AM IST
LIVE वीडियो! रात के अंधेरे में दिखा नहीं खतरा, गड्ढे में जा गिरा बाइक सवार
x
देखें वीडियो.
कानपुर: यूपी के कानपुर में रात के अंधेरे में सड़क पर एक खुला सीवर का गड्ढा डिलीवरी बॉय के लिए खतरा बन गया. जाजमऊ के कंपाउंड में रात के समय बाइक से जा रहा युवक अचानक गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला. युवक घायल हुआ है, लेकिन हेलमेट पहने होने की वजह से उसकी जान बच गई. हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है.
दरअसल, डिलीवरी बॉय बाइक से ऑर्डर पहुंचाने जा रहा था. स्थानीय निवासी इमरान के मुताबिक, युवक पुल की तरफ से आ रहा था. सड़क पर अंधेरा था और गड्ढा खुला हुआ था. युवक को वह नजर नहीं आया. अचानक उसकी बाइक गड्ढे में जा गिरी. बाइक के साथ युवक भी अंदर जा गिरा.
इसके बाद युवक की चीख सुनाई दी. आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद डिलीवरी बॉय को गड्ढे से बाहर निकाला गया. हादसे में डिलीवरी बॉय घायल हो गया. उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल लेकर गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक ने हेलमेट पहन रखा था.
हादसा कितना खतरनाक था, इसका अंदाजा CCTV फुटेज देखकर लगाया जा सकता है. फुटेज में बाइक सवार सड़क से गुजरता दिखाई देता है और अचानक बाइक समेत खुले गड्ढे में गिर जाता है. अगर गड्ढा इतना गहरा था कि बाइक और युवक दोनों उसके अंदर चले गए, तो रात में वहां से गुजरने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए खतरा समझना मुश्किल नहीं है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर बना यह गड्ढा अचानक नहीं बना था.
करीब 15 दिन पहले सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी. इसके बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया. लोगों के मुताबिक, नगर निगम के कर्मचारियों ने सीवर लाइन की मरम्मत तो कर दी, लेकिन मरम्मत के बाद सड़क को ठीक नहीं किया गया. गड्ढा खुला ही रह गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मरम्मत के बाद गड्ढे को बंद कर दिया जाता या उसके आसपास बैरिकेडिंग लगा दी जाती तो शायद डिलीवरी बॉय इस तरह उसमें नहीं गिरता. स्थानीय लोगों की एक और शिकायत है. इलाके में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है. यानी रात में सड़क पर पहले से मौजूद खतरा दिखाई देना और मुश्किल हो जाता है.
इमरान के मुताबिक, हादसे के वक्त भी अंधेरा था. डिलीवरी बॉय को सड़क पर मौजूद गड्ढा नजर नहीं आया और वह बाइक समेत उसमें जा गिरा. लोगों का कहना है कि सड़क पर अगर रोशनी होती और गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग लगी होती तो ऐसा हादसा नहीं होता. लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढा बंद नहीं किया गया तो आगे कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story