भारत

पुलिस के साथ मुठभेड़ में शराब तस्कर घायल, गिरफ्तार, नाव से भारी मात्रा में शराब बरामद

jantaserishta.com
3 Dec 2025 12:43 PM IST
पुलिस के साथ मुठभेड़ में शराब तस्कर घायल, गिरफ्तार, नाव से भारी मात्रा में शराब बरामद
x
पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बताया कि पुलिस कार्रवाई करने पहुंची तो तस्करों ने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी.
छपरा: बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात नाव से शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहे तस्करों और पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक तस्कर को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने नाव से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दियारा क्षेत्र में एक नाव से शराब की बड़ी खेप आने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार की रात दियारा क्षेत्र में कार्रवाई की।
सारण के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बुधवार को बताया कि पुलिस कार्रवाई करने पहुंची तो तस्करों ने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल तस्कर की पहचान अजय राय के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि तस्कर नाव को किनारे लगाकर भागने लगे। इसी क्रम में पुलिस ने एक अन्य तस्कर को भी पकड़ा है। नाव से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई है। पूछताछ के क्रम में शराब के आपूर्तिकर्ताओं के नाम भी सामने आए हैं, उनके खिलाफ भी छापेमारी की गई है। कई शराब के आपूर्तिकर्ताओं को पकड़ा गया है। बरामद सभी शराब उत्तर प्रदेश की बनी हुई है, जिसे नदी के रास्ते बिहार लाया जा रहा था।
बता दें कि इससे पहले सोमवार की रात छपरा पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में शिकारी राय नाम का एक अपराधी घायल हो गया था। कहा जा रहा है कि एक छापेमारी के दौरान शिकारी राय ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला, जिसमें शिकारी राय घायल हो गया। इस फायरिंग में एसआई सुमंत कुमार भी घायल हो गए थे। शिकारी राय हत्या और लूट जैसी संगीन वारदातों में शामिल रहा है।
इसके अलावा रविवार को पुलिस लाइन के पास हुई एक हत्या में भी वह शामिल था। पुलिस ने घायल शिकारी राय को सदर अस्पताल में भर्ती किया था। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और तीन मैग्जीन बरामद किए थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story