भारत

मुखिया वीरेंद्र शर्मा हत्याकांड में लाइनर गिरफ्तार, पुलिस ने शूटर की तलाश तेज की

Shantanu Roy
4 Feb 2023 6:45 PM GMT
मुखिया वीरेंद्र शर्मा हत्याकांड में लाइनर गिरफ्तार, पुलिस ने शूटर की तलाश तेज की
x
बड़ी खबर
बेगूसराय। बेगूसराय सदर प्रखंड के परना पंचायत के मुखिया वीरेन्द्र शर्मा की हुई हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंचायत चुनाव में हार के कारण प्रतिद्वंद्वी द्वारा मुखिया की हत्या कराई गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य अभियुक्त एवं शूटर सहित पांच लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। यह जानकारी एसपी योगेन्द्र कुमार ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी। एसपी ने बताया कि दो फरवरी को दिन में करीब 11:20 बजे परना पंचायत के मुखिया विरेन्द्र शर्मा की हत्या तरैया सोना चिमनी भटठा के समीप दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियों के द्वारा कर दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के 20 फुटेज की जांच की गई, जिसमें पर्याप्त साक्ष्य हाथ लग गए हैं। टीम के द्वारा लगातार अनुसंधान करते हुए घटना में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों ने स्वीकार किया है कि पूर्व मुखिया मो. महफूज अंसारी ही वर्तमान मुखिया विरेन्द्र शर्मा हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। जिसने राजनैतिक प्रतिद्वंदता के कारण इस घटना का षड्यंत्र रचा एवं हत्यारे को मोटरसाइकिल, हथियार एवं मोबाइल उपलब्ध करवाकर दो दिन पहले कोलकाता भाग गया।
उसने अपने ग्रामीण सहयोगी अंजूम उर्फ फैज अहमद खान एवं मो. इश्तियाक तथा अपने पुत्र मो. फरहान सहित अन्य अपराधियों के साथ मिलकर इस घटना का षड्यंत्र रचा एवं हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना में शामिल मुख्य लाइनर अंजूम उर्फ फेज अहमद खान, इश्तियाक एवं फरहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसने घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की है। गोली मारने वाले शूटर की भी पहचान कर ली गई है। विशेष टीम के द्वारा घटना में शामिल मुख्य साजिशकर्ता पूर्व मुखिया मो. महफूज अंसारी एवं अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी एवं कुर्की के लिए इश्तिहार जारी करा लिया गया है। मुखिया का चुनाव हारने के बाद महफूज अंसारी ने वीरेन्द्र शर्मा के हत्या की प्लानिंग शुरू कर दी थी। इसके लिए उसने गांव के ही अंजूम और इश्तियाक को अपनी ओर मिला लिया जो वीरेन्द्र शर्मा के भी काफी करीबी थे। इन लोगों ने शूटर के साथ मिलकर रेकी किया तथा दो फरवरी को जब मुखिया वीरेन्द्र शर्मा घर से मोटरसाइकिल से चला तो कुछ दूरी बनाकर यह दोनों भी पीछे-पीछे चलने लग। चिमनी के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मुख्य अभियुक्त महफूज अंसारी को फोन कर सूचना दिया कि काम हो गया है। एसपी ने बताया कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिल गए हैं, जल्द ही मुख्य अभियुक्त एवं शूटरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी को न्यायालय में स्पीडी ट्रायल कर फांसी की सजा दिलाई जाएगी। प्रेसवार्ता में सदर डीएसपी, मुफस्सिल थानाध्यक्ष एवं नीमा चांदपुरा थानाध्यक्ष भी उपस्थित थे।
Next Story