भारत

मध्य प्रदेश में ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित

jantaserishta.com
6 Jan 2026 1:38 PM IST
मध्य प्रदेश में ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित
x
भोपाल: मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में शीत लहर ने ठिठुरन बढ़ा दी हैं। ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। रेल गाड़ियां देरी से चल रही हैं, वहीं कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। राज्य में बीते कुछ दिनों से ठंड का असर बना हुआ है।
बात न्यूनतम तापमान की करें तो राज्य के बड़े हिस्से में यह तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है। सबसे कम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया है। वहीं, राजधानी की बात की जाए तो तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण रेल गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है और यही कारण है कि कई यात्री गाड़ियां कई घंटों की देरी से चल रही हैं।
इतना ही नहीं, राज्य के 24 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। कहीं एक दिन तो कहीं दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है। इसके साथ ही, स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब इन जिलों में स्कूल सुबह साढ़े नौ बजे के बाद खुल रहे हैं। इन दिनों आलम यह है कि सुबह नौ बजे तक कोहरे का असर रहता है, तो वहीं दिन में सर्द हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही हैं। धूप भी ठंड का असर कम करने में कामयाब नहीं हो पा रही है।
राज्य सरकार ने रेन बसेरा में रहने वाले लोगों के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध कराए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी पिछले दिनों राजधानी के रेन बसेरों का दौरा किया था और वहां कंबल आदि का वितरण किया था। साथ ही वहां रहने वालों की जरूरतों पर भी चर्चा की थी। वहीं, कई सामाजिक संगठन जरूरतमंदों की मदद करने में लगे हैं, सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की भी व्यवस्था की जा रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में भी ठंड का असर बना रहेगा और कोहरा जनजीवन को प्रभावित करेगा। इसके साथ ही राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सलाह दी है कि वे गर्म कपड़ों का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें और घरों से कम ही बाहर निकलें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story