लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त

दिल्ली। भारत सरकार ने देश की सैन्य कमान में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि (रिटायर) को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी संभालेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि कार्यभार संभालने की तिथि से अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। आपको बता दें कि मौजूदा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि भारतीय सेना के एक अत्यंत अनुभवी और सम्मानित अधिकारी रहे हैं। उन्हें PVSM, AVSM, SM और VSM जैसे प्रतिष्ठित सैन्य पदकों से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वह 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक थल सेना के उप-प्रमुख रहे। मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ की कमान संभाली थी।
क्या होता है CDS का पद?
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ भारतीय सशस्त्र बलों थल सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सर्वोच्च पद है। वह सरकार के लिए प्रमुख सैन्य सलाहकार के रूप में कार्य करते हैं और रक्षा क्षेत्र में सुधारों और थिएटर कमांड की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनरल अनिल चौहान के रिटायर होने के बाद, लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि पर भारतीय रक्षा तंत्र को और अधिक आधुनिक और एकीकृत बनाने की जिम्मेदारी होगी।





