भारत

डोमिनोज के 8 आउटलेट समेत 25 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, FDA की छापेमारी

SHIDDHANT
16 Oct 2026 8:56 PM IST
डोमिनोज के 8 आउटलेट समेत 25 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, FDA की छापेमारी
x
मुंबई। महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 25 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि खाद्य तेल और मसालों की चार निर्माण इकाइयों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं। इस दौरान करीब 1.73 करोड़ रुपये मूल्य के 81,330 किलोग्राम संदिग्ध, मिलावटी और गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं।
अस्पताल की रसोई में मिले कॉकरोच और फफूंद
मुंबई संभाग में सात खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें मुंबई बाइट्स, सोफिया कॉलेज कैंटीन, जनता बेकरी, सोडेक्सो इंडिया सर्विसेज और अरिहंत आहार समेत अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।
एफडीए के मुताबिक, मुलुंड स्थित फोर्टिस अस्पताल में मरीजों के लिए भोजन तैयार करने वाली सोडेक्सो की रसोई में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा ड्रेनेज में खाद्य कचरा, फफूंद लगे कंटेनर और जंग लगे चाकू भी मिले।
घाटकोपर के अरिहंत आहार में मिठाइयों में अनधिकृत कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया।
डोमिनोज के आठ आउटलेट पर कार्रवाई
पुणे संभाग में आठ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें डोमिनोज पिज्जा के छह आउटलेट शामिल हैं।
इसके अलावा छत्रपति संभाजीनगर संभाग में डोमिनोज के जालना और परभणी स्थित आउटलेट पर भी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में जीवित कॉकरोच, शौचालय से दुर्गंध और शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य सामग्री को एक साथ रखने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
1.73 करोड़ रुपये का संदिग्ध खाद्य सामान जब्त
एफडीए ने मुंबई, कोंकण, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर संभाग में व्यापक जांच अभियान चलाया।
इस दौरान खाद्य तेल, मिर्च पाउडर, हल्दी, सुपारी, सूखे मेवे, साबूदाना, चाय पाउडर और मिठाइयों सहित बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई।
छत्रपति संभाजीनगर में 15.02 लाख रुपये का रिफाइंड सोयाबीन तेल और नांदेड़ में 28.97 लाख रुपये के मसाले तथा नमक जब्त किए गए।
नागपुर में 23.16 लाख रुपये की रोस्टेड सुपारी बरामद हुई। गोंदिया की एक डेयरी में फफूंद लगी मिठाइयां भी पाई गईं।
त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की सख्ती
त्योहारी सीजन को देखते हुए पुणे और पश्चिमी महाराष्ट्र में साबूदाना, भगरी, राजगिरा, मूंगफली तेल और वेफर्स समेत 36.25 लाख रुपये का संदिग्ध खाद्य स्टॉक जब्त किया गया।
नासिक और कोंकण क्षेत्र में भी खाद्य तेल, मिठाइयों, सूखे मेवों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान कार्रवाई की गई।
चार प्रतिष्ठान सील, 10 लोगों पर एफआईआर
एफडीए ने 14 और 15 अक्टूबर को प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री और ढुलाई रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया।
इस दौरान 13 प्रतिष्ठानों और वाहनों की जांच की गई। करीब 18.83 लाख रुपये का प्रतिबंधित माल और दो वाहन जब्त किए गए।
इसके अलावा चार प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जब्त माल और वाहनों की कुल कीमत 21.83 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
Next Story