भारत
सिंधिया परिवार की 40 हजार करोड़ की संपत्ति पर कानूनी पेच, 14 अक्टूबर की सुनवाई तय करेगी मामले की अगली दिशा
jantaserishta.com
8 Oct 2026 5:04 PM IST

x
नई दिल्ली: बुधवार को सक्षम न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान समझौते से संबंधित सभी सीलबंद दस्तावेज खोले गए। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से अदालत के सामने अपने-अपने तर्क रखे गए। राजमाता विजयाराजे सिंधिया की बेटी और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया की तरफ से दलील दी गई कि उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य पक्षकारों का समझौता हो चुका है। ऐसे में सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 23 नियम 3 के तहत समझौते के आधार पर डिक्री जारी की जानी चाहिए।
वसुंधरा पक्ष ने गवाही को बताया अनावश्यक
वसुंधरा राजे सिंधिया की ओर से अदालत में कहा गया कि जब सभी संबंधित पक्षों के बीच समझौता हो चुका है, तो अब अलग से गवाही कराने या अतिरिक्त साक्ष्य दर्ज करने की जरूरत नहीं है। उनकी ओर से यह भी कहा गया कि प्रतिमा देवी द्वारा समझौते को लेकर जो आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, उनका भी निपटारा किया जाना चाहिए। अदालत से आग्रह किया गया कि समझौते को रिकॉर्ड में शामिल करते हुए मामले का अंतिम निपटारा किया जाए और मुकदमे को समाप्त कर दिया जाए।
दूसरी ओर पद्मा राजे की बेटी प्रतिमा देवी की तरफ से उनके वकील ने अदालत के सामने अलग रुख रखा। उनका कहना था कि प्रतिमा देवी की आपत्तियों पर फैसला करने से पहले संबंधित मुद्दों को तय किया जाना चाहिए।
उनकी ओर से अदालत से मांग की गई कि उन्हें अपने पक्ष को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य और गवाह पेश करने का अवसर दिया जाए। प्रतिमा देवी के पक्ष का कहना है कि बिना साक्ष्य दर्ज किए उनकी आपत्तियों पर फैसला करना उचित नहीं होगा। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी दलीलों के समर्थन में अलग-अलग अदालतों के पुराने फैसलों को भी न्यायालय के सामने रखा।
2015 से अदालत में चल रहा है संपत्ति विवाद
सिंधिया राजपरिवार की संपत्तियों को लेकर यह कानूनी विवाद वर्ष 2015 से अदालत में लंबित है। वसुंधरा राजे सिंधिया, यशोधरा राजे सिंधिया और ऊषा राजे ने परिवार की संपत्तियों में बराबर हिस्सेदारी का दावा किया था।
इसके बाद कई चरणों में इस मामले की सुनवाई चलती रही। वर्ष 2026 में पक्षकारों के बीच हुए समझौते के आधार पर मुकदमे को खत्म करने के लिए अदालत में आवेदन दिया गया। हालांकि इस समझौते पर पद्मा राजे की बेटी प्रतिमा देवी ने आपत्ति जताई। उनकी आपत्ति के बाद समझौते को लेकर मामला एक बार फिर अदालत में बहस का विषय बन गया।
14 अक्टूबर को तय होगी आगे की कानूनी प्रक्रिया
अब अदालत के सामने मुख्य सवाल यह है कि प्रतिमा देवी की आपत्तियों पर फैसला करने से पहले गवाहों की गवाही और अन्य साक्ष्य दर्ज किए जाएं या नहीं। इसी मुद्दे पर अगली सुनवाई 14 अक्टूबर को होगी। अदालत के फैसले से यह साफ होगा कि मामला समझौते के आधार पर सीधे आगे बढ़ेगा या प्रतिमा देवी की आपत्तियों पर सुनवाई के लिए पहले साक्ष्य और गवाहों की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
करीब 40 हजार करोड़ रुपये की बताई जा रही सिंधिया परिवार की संपत्तियों से जुड़े इस विवाद में अब अगली सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 14 अक्टूबर को अदालत द्वारा तय की जाने वाली प्रक्रिया से मामले की आगे की कानूनी दिशा स्पष्ट होगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





