भारत
Google से सीखा ड्रग्स बनाना, घर के बेसमेंट में खोल दी लैब, अब NCB के शिकंजे में
jantaserishta.com
16 Nov 2026 8:11 AM IST

x
मुदस्सर अहमद खान गिरफ्तार.
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित ड्रग्स मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. एनसीबी ने अहमदाबाद पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर सरखेज इलाके के लब्बैक पार्क स्थित एक मकान के बेसमेंट में छापेमारी की. यहां से 27.55 ग्राम संदिग्ध एमडी ड्रग्स और 130.613 किलोग्राम केमिकल व अन्य कच्चा माल बरामद किया गया है. इस मामले में मकान मालिक मुदस्सर अहमद खान (42) को गिरफ्तार किया गया है.
NCB ने यह कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग्स' के तहत की. अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी को तीन दिन पहले सूचना मिली थी कि सरखेज इलाके के एक मकान में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ तैयार किए जा रहे हैं. इसके बाद एनसीबी ने अहमदाबाद पुलिस के साथ समन्वय कर रविवार सुबह करीब 6 बजे लब्बैक पार्क के मकान नंबर L-2/13 में छापा मारा.
तलाशी के दौरान मकान के बेसमेंट में एमडी बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही कथित लैब मिली. वहां रासायनिक पदार्थों के साथ कई तरह के प्रयोगशाला उपकरण और मशीनें रखी हुई थीं. एनसीबी ने यहां से तरल अवस्था में 26.85 ग्राम और पाउडर के रूप में 0.70 ग्राम संदिग्ध मेफेड्रोन बरामद किया. इस तरह कुल 27.55 ग्राम संदिग्ध एमडी जब्त की गई.
इसके अलावा, टीम ने 130.613 किलोग्राम केमिकल और अन्य सामग्री भी जब्त की है. इनमें सोडियम हाइड्रॉक्साइड, सोडियम बाइकार्बोनेट, एसीटोन, सल्फ्यूरिक एसिड, मिथाइलएमाइन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, हाइड्रोब्रोमिक एसिड, ब्रोमीन, ग्लेशियल एसिटिक एसिड, टोल्यून और आइसोप्रोपाइल अल्कोहल जैसे रसायन शामिल हैं. जब्त सामग्री में सबसे अधिक 86.650 किलोग्राम औद्योगिक श्रेणी का मिथाइल डाइक्लोराइड (MDC) है. इसके अलावा 12.920 किलोग्राम सल्फर-मुक्त टोल्यून और 9.115 किलोग्राम प्रोपियोनाइल क्लोराइड एवं मिथाइल डाइक्लोराइड का मिश्रण भी मिला है.
मकान से हीटिंग मेंटल, डिजिटल मैग्नेटिक स्टिरर, पिपेट, राउंड बॉटम फ्लास्क, ड्रॉपिंग फनल, सेपरेटिंग फनल, बीकर, स्टैंड और तापमान मापने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं. इनका इस्तेमाल रासायनिक प्रक्रिया और प्रयोगशाला में किया जाता है.
एनसीबी के इंचार्ज जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले ड्रग्स का आदी था. बाद में वह ड्रग्स की तस्करी यानी पैडलिंग करने लगा. इसके बाद उसने अपने घर के बेसमेंट में ही MD बनाने की कोशिश शुरू कर दी.
सोनी के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश के मंदसौर से कच्चा माल मंगवाता था. इस मामले की जांच के लिए गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (NFSU) के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है. आरोपी अहमदाबाद में 'रतलाम' नाम से एक कैफे भी चलाता है. इस कैफे और उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.
अहमदाबाद शहर के जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा ने बताया कि NCB और सरखेज पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है. शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने राजस्थान में MD बनाने की ट्रेनिंग ली थी. वह पिछले करीब एक साल से गूगल की मदद से MD तैयार करने की कोशिश कर रहा था.
डीसीपी के मुताबिक, आरोपी ने ड्रग्स बनाने के लिए अंकलेश्वर, अहमदाबाद और मध्य प्रदेश के रतलाम से कच्चा माल जुटाया था. मुदस्सर अहमद खान के खिलाफ सरखेज पुलिस थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट और रिक्शा जलाने से जुड़े मामले भी दर्ज हैं.
फिलहाल NCB ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में शामिल था, कच्चा माल कहां-कहां से मंगवाया जा रहा था और तैयार ड्रग्स की सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी.
Tagsअहमदाबादनारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरोड्रग्स मेफेड्रोनAhmedabadNarcotics Control BureauMephedrone (drug)
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





