भारत
परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस पर नेताओं ने किया नमन
jantaserishta.com
10 Sept 2026 8:35 AM IST

x
नई दिल्ली: 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के महानायक और परमवीर चक्र से सम्मानित वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस पर गुरुवार को पूरे देश ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई बड़े नेताओं ने उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट में लिखा, "1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस और असाधारण युद्ध कौशल का परिचय देकर अपना जीवन न्योछावर कर देने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस पर कोटि-कोटि नमन। अपने साहस और सूझबूझ के साथ उन्होंने दुश्मन के कई टैंकों को ध्वस्त किया तथा विषम परिस्थिति में भी मोर्चे पर डटे रहे। युद्धभूमि में सर्वोच्च बलिदान देकर कंपनी क्वार्टर मास्टर हवलदार अब्दुल हमीद जी ने भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा को और समृद्ध किया। कृतज्ञ राष्ट्र उनके शौर्य और बलिदान को सदैव स्मरण करता रहेगा।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, "1965 के भारत-पाक युद्ध में अपने अदम्य साहस, असाधारण पराक्रम और दृढ़ संकल्प से दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक देशवासी के हृदय में सदैव अमर रहेगी।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी वीर अब्दुल हमीद को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, "1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीर अब्दुल हमीद ने अद्भुत साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन के टैंकों को ध्वस्त कर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका शौर्य और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।"
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, "1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अपनी जान की परवाह किए बिना दुश्मनों के टैंकों को ध्वस्त कर वीरगति को प्राप्त होने वाले, परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्ररक्षा के लिए उनके द्वारा दिया गया यह बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों के हृदय में देशभक्ति की अलख जगाता रहेगा।"
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने लिखा, "1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 'परमवीर चक्र' से सम्मानित शहीद वीर अब्दुल हमीद जी की पुण्यतिथि पर शत्-शत् नमन। युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए उन्होंने दुश्मन के पैटन टैंकों को ध्वस्त कर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी वीरता, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान की गाथा सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





