भारत

भारत रत्न भूपेन हजारिका की जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनकी रचनाएं देती हैं मानवता का संदेश

jantaserishta.com
8 Sept 2026 8:57 AM IST
भारत रत्न भूपेन हजारिका की जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनकी रचनाएं देती हैं मानवता का संदेश
x
नई दिल्ली: महान संगीतकार, गायक, गीतकार और भारत रत्न से सम्मानित डॉ. भूपेन हजारिका की जयंती पर मंगलवार को देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके योगदान को याद किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भारत रत्न से सम्मानित महान संगीतकार, गायक, गीतकार और पूर्वोत्तर सहित संपूर्ण भारत की सांस्कृतिक चेतना के सशक्त स्वर डॉ. भूपेन हजारिका जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। डॉ. हजारिका जी के गीतों में लोकजीवन की संवेदनाएं, आम जन की आकांक्षाएं, प्रकृति से जुड़ाव और मानवीय मूल्यों की गहरी अभिव्यक्ति दिखाई देती है। उन्होंने अपनी सृजनशीलता के माध्यम से असम की समृद्ध लोक-संस्कृति और पूर्वोत्तर भारत की आवाज को देश-दुनिया तक पहुंचाया।"
उन्होंने आगे लिखा, "उनकी बहुआयामी प्रतिभा ने भारतीय संगीत और सिनेमा को समृद्ध किया तथा असम की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनकी अमर रचनाएं आज भी संवेदना, सद्भाव और मनुष्यता का संदेश देती हैं।"
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, "विख्यात गायक, संगीतकार भारत रत्न भूपेन हजारिका जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "भारत की सांस्कृतिक चेतना के अमिट हस्ताक्षर, महान गायक, गीतकार, संगीतकार एवं 'सुधाकंठ' के रूप में प्रख्यात 'भारत रत्न' डॉ. भूपेन हजारिका की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और अद्भुत संगीत के माध्यम से पूर्वोत्तर की समृद्ध संस्कृति, लोक की आकांक्षाओं और देश की विविधता से जन-जन का साक्षात्कार कराया। संपूर्ण देश को एक सूत्र में पिरोने वाले उनके कालजयी गीत समाज में भ्रातृत्व और मानवीय मूल्यों की भावना को निरंतर मजबूत करते रहेंगे।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखा, "संगीतकार व गायक, भारत रत्न, भूपेन हजारिका जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। प्रकृति और मानवीय संवेदना को शब्द व संगीत से जीवंत कर उन्होंने अपनी रचनाओं, संगीत और आवाज से प्रशंसकों को आनंदित किया। संगीत जगत में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, "महान संगीतकार और भारत रत्न से सम्मानित श्री भूपेन हजारिका जी की जयंती पर उन्हें कोटिश: नमन! अपनी सुमधुर रचनाओं के माध्यम से उन्होंने लोकजीवन की भावनाओं और मानवीय संवेदनाओं को स्वर दिया। उनका संगीत सदैव प्रेम, करुणा और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता रहेगा।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, "पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक धरोहर और संगीत को प्रतिष्ठित करने वाले 'भारत रत्न' डॉ. भूपेन हजारिका जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन! डॉ. भूपेन हजारिका जी की मधुर स्वर-साधना और लोकसंस्कृति के प्रति समर्पण ने पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के मंच पर नई प्रतिष्ठा प्रदान की।"
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा, "सांस्कृतिक धरोहर एवं संगीत जगत को अपनी अमूल्य साधना से समृद्ध करने वाले महान संगीतकार एवं 'भारत रत्न' से सम्मानित डॉ. भूपेन हजारिका जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।"
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी उन्हें याद करते हुए लिखा, "संगीत की दुनिया के बेताज बादशाह, प्रख्यात गीतकार 'पद्मभूषण एवं भारत रत्न' भूपेन्द्र हजारिका जी की जयंती पर कोटि कोटि नमन।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story