भारत

रांची में 21 अप्रैल को न्याय महारैली, इंडिया महागठबंधन के नेता होंगे शामिल

Nilmani Pal
8 April 2024 1:59 AM GMT
रांची में 21 अप्रैल को न्याय महारैली, इंडिया महागठबंधन के नेता होंगे शामिल
x

रांची। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए 21 अप्रैल को रांची में होने वाली उलगुलान न्याय महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए 'इंडिया' ने अपनी ताकत झोंक दी है। रैली की कमान संभाल रही हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने रविवार को अपने आवास पर महागठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में रैली में बड़ी संख्या में लोगों को एकत्रित करने की रणनीति बनाई गई। रैली में कांग्रेस, राजद और आप समेत 28 दलों के प्रमुख नेता भाजपा और केंद्र के विरुद्ध आवाज बुलंद करेंगे।

कल्पना सोरेन महारैली को लेकर जहां कार्यकर्ताओं से मुखातिब हो रहीं हैं, वहीं उन्होंने गठबंधन के नेताओं के साथ समन्वय बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झामुमो महासचिव विनोद पांडेय, भाकपा माले के विधायक सह कोडरमा से प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह और राज्य सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इंडिया के घटक दलों के तमाम कद्दावर नेताओं को महारैली में आमंत्रित करने की जिम्मेदारी भी कल्पना सोरेन ने ली है।

कल्पना सोरेन के नेतृत्व में रविवार को हुई इंडिया के प्रदेश स्तरीय नेताओं की बैठक में महारैली के अलावा लोकसभा चुनाव में गठबंधन का साझा प्रचार अभियान चलाने को लेकर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि 21 अप्रैल के बाद लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज किया जाएगा। कल्पना सोरेन गठबंधन की स्टार प्रचारकों में शामिल की गई हैं। बता दें कि हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली में रैली आयोजित की गई थी, जिसमें इंडिया गठबंधन के तमाम दिग्गज मौजूद थे। वहां से गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया था।

Next Story