भारत

बापू की प्रतिमा पर सर रखकर रोने लगे नेता जी, लोगों ने बताया नौटंकी

Nilmani Pal
2 Oct 2021 4:23 PM GMT
बापू की प्रतिमा पर सर रखकर रोने लगे नेता जी, लोगों ने बताया नौटंकी
x
वीडियो

यूपी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सपाइयों ने संभल में जो किया उसकी चर्चा दूर तक हो रही है। प्रशासन द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति न दिए जाने से नाराज सपाई गांधी प्रतिमा पर सिर रखकर रोने लगे। सपाइयों को फूट-फूट रोता देख कार्यकर्ताओं ने उनका वीडियो बनाया और फिर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखकर लोग उसे नौटंकी बताकर कमेंट कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने शहर में गांधी प्रतिमा स्थापित किये जाने की मांग उठाते हुए दो साल पहले गांधी प्रतिमा तैयार भी करा ली थी। प्रशासन द्वारा प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं दी गई तो प्रतिमा नहीं लगाई जा सकी। इस साल गांधी जयंती पर सपा नेताओं ने शहर के चौधरी सराय चौराहे पर गांधी प्रतिमा स्थापित करने का ऐलान किया था। इस ऐलान को देखते हुए शनिवार को सुबह से ही सपा नेता फिरोज खां के पक्का बाग स्थित कार्यालय पर पुलिस तैनात कर दी गई थी।

सपा नेता कार्यालय से बाहर नहीं निकल पाये तो कार्यालय परिसर में ही गांधी प्रतिमा रखकर गांधी जयंती मनाई। महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद सपा नेता गालिब खान व कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा पर सर रखकर रोना शुरू कर दिया। इन नेताओं का कहना था कि वह महात्मा गांधी द्वारा आजाद कराये गये भारत में ही आज उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं कर पा रहे हैं। दो साल से प्रशासन ने अनुमति मांगी जा रही है लेकिन अब तक अनुमति नहीं दी गई। वहीं सपा नेताओं से पुलिस ने वार्ता की तो नये सिरे से अनुमति के लिए डीएम के नाम पत्र दिया गया है। इस दौरान फिरोज खां, डा. अजय, कारी राशिद, नासिर, अमरपाल यादव, सुहेल बुखारी, कासिम, जीशान खां सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं द्वारा गांधी प्रतिमा पर सर रखकर रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग तरह तरह के कमेंट भी कर रहे हैं। ज्यादातर लोग वीडियो को लेकर सपा नेताओं की खिंचाई कर रहे हैं।

दो साल पहले गांधी प्रतिमा पर रोये थे सपा नेता

सपा नेताओं द्वारा गांधी प्रतिमा पर सर रखकर रोने का नजारा पहली बार नहीं दिखा है। जो सपा नेता शनिवार को गांधी प्रतिमा पर सर रखकर रोये हैं। दो साल पहले चंदौसी में भी गांधी प्रतिमा पर सर रखकर फूट फूट कर रोये थे। इस बार उन्हें गांधी प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति न मिलने की वजह से रोना आया तो पिछली बार देश के हालात को देखकर वह गांधी प्रतिमा पर सिर रखकर रोये थे।


Next Story