भारत

प्रेमिका संग साजिश रचकर पत्नी की हत्या, नेता रोहित सैनी गिरफ्तार

Shantanu Roy
16 Aug 2025 3:56 PM IST
प्रेमिका संग साजिश रचकर पत्नी की हत्या, नेता रोहित सैनी गिरफ्तार
x
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
Ajmer. अजमेर। अजमेर जिले के किशनगढ़ में भाजपा नेता रोहित सैनी द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की पूरी साजिश रोहित ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर रची थी। प्रेमिका तलाकशुदा है और प्राइवेट स्कूल में टीचर है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमिका के दबाव में आया पति
पुलिस की जांच में सामने आया कि किशनगढ़ के शिवाजी नगर निवासी रितु सैनी (25), जो तलाकशुदा और प्राइवेट स्कूल में टीचर है, रोहित की प्रेमिका थी। दोनों का संबंध करीब दो साल से चल रहा था। परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी हो चुकी थी और उन्होंने रोकने की कोशिश भी की थी। बावजूद इसके, दोनों चोरी-छिपे मिलते रहे। एडिशनल एसपी (ग्रामीण) दीपक कुमार ने बताया कि रितु सैनी लगातार रोहित पर दबाव बना रही थी कि जब तक वह अपनी पत्नी संजू को रास्ते से नहीं हटाएगा, तब तक वह उसके साथ नहीं रहेगी। इसी दबाव के चलते रोहित ने पत्नी को खत्म करने की साजिश रची।

घटना का दिन – रक्षाबंधन पर बनी हत्या की साजिश
10 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर रोहित अपनी पत्नी संजू सैनी (32) को लेकर रलावता गांव, जो कि उसका ससुराल था, गया। वहां से वह पत्नी को लेकर सिलोरा गांव की ओर जा रहा था, जहां संजू के रिश्ते में लगने वाले भाई के यहां राखी बंधवानी थी। दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही दोनों किशनगढ़ के हाथी खान से सिलोरा जाने वाले रास्ते पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने पहले पति-पत्नी को घेरकर मारपीट की और फिर पत्नी संजू से ज्वेलरी लूटने का नाटक रचा। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

पति ने रची झूठी कहानी
घटना के तुरंत बाद रोहित ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और लूट के इरादे से हमला किया। उसने दावा किया कि आरोपियों ने पत्नी के कानों से झुमके और नकदी छीनी। लेकिन पुलिस को शुरुआत से ही इस बयान पर शक हुआ। जब रोहित का मेडिकल कराया गया तो उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले, जबकि उसने दावा किया था कि बदमाशों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की थी। इसके अलावा पुलिस ने गौर किया कि संजू के गले में सोने का मंगलसूत्र मौजूद था। पुलिस ने तर्क दिया कि अगर हमला वाकई लूट के लिए किया गया होता तो मंगलसूत्र भी छीना जाता।

बयान बदलते ही टूटा खेल
रोहित पुलिस पूछताछ के दौरान बार-बार अपना बयान बदलता रहा। पुलिस की सख्ती के बाद उसने सच कबूल किया। उसने माना कि उसने पत्नी की हत्या की योजना खुद बनाई थी। साथी रवि और एक नाबालिग को पहले से तय जगह पर बुलाया था। जैसे ही संजू और रोहित वहां पहुंचे, रवि और नाबालिग ने रोहित के साथ मिलकर पत्नी पर हमला किया और गहने, मोबाइल, पर्स, घड़ी और बाइक लेकर फरार हो गए। इस घटना को लूट जैसा दिखाने के लिए रोहित ने झूठी कहानी गढ़ी।

प्रेमिका भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में प्रेमिका रितु सैनी को भी गिरफ्तार किया है। जांच में साबित हुआ कि भले ही वह हत्या के वक्त मौके पर मौजूद नहीं थी, लेकिन पूरी साजिश में शामिल रही। उसने लगातार रोहित को उकसाया और पत्नी को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया।

पुलिस की कार्रवाई
अजमेर ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित सैनी और उसके साथी रवि को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, हत्या में शामिल नाबालिग को डिटेन किया गया है। पुलिस का कहना है कि अब केस के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। एडिशनल एसपी दीपक कुमार के अनुसार, हत्या की वजह साफतौर पर प्रेम संबंध और पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना थी। यह अपराध पूरी तरह से योजनाबद्ध था और इसे लूट जैसा दिखाने की कोशिश की गई थी।

इलाके में सनसनी, परिवार सदमे में
संजू सैनी की हत्या की खबर ने पूरे किशनगढ़ और आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहार के दिन ऐसी घटना का होना बेहद चौंकाने वाला है। संजू के मायके पक्ष ने रोहित और उसकी प्रेमिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवारजन और रिश्तेदार इस घटना से गहरे सदमे में हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि परिवार का ही सदस्य इस तरह साजिश कर सकता है।
Next Story