भारत

नेता गिरफ्तार, सीएम और मंत्री के खिलाफ टिप्पणी करना पड़ा भारी

jantaserishta.com
3 Oct 2023 3:30 AM GMT
नेता गिरफ्तार, सीएम और मंत्री के खिलाफ टिप्पणी करना पड़ा भारी
x
पुलिस का बड़ा एक्शन.
विशाखापत्तनम: तेलुगू देशम पार्टी के नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री बंडारू सत्यनारायण मूर्ति को मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और पर्यटन मंत्री आर.के. रोजा पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
भारी ड्रामे के बीच उन्हें अनाकापल्ली जिले में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। अनाकापल्ली अस्पताल में चिकित्सा परीक्षण के बाद उन्हें गुंटूर स्थानांतरित किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री और मंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में पूर्व मंत्री के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
रविवार देर रात से ही उनके घर के आसपास पुलिस बल की तैनाती से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। कौशल विकास निगम मामले में पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की "अवैध" गिरफ्तारी के विरोध में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) नेता सोमवार को अपने आवास पर भूख हड़ताल पर बैठ गए।
गुंटूर के पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने मूर्ति को सीआरपीसी की 41ए और 41बी के तहत नोटिस दिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले तेदेपा महासचिव नारा लोकेश ने मूर्ति से फोन पर बात की और उन्हें साहसी बनने की सलाह दी। जवाब में मूर्ति ने उनसे कहा कि वह झूठे मामलों और गिरफ्तारी के बावजूद अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। टॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री रोजा पर मूर्ति की टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने नायडू और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ रोजा की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए यह टिप्पणी की थी। 9 सितंबर को सीआईडी द्वारा नायडू को गिरफ्तार किए जाने और न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद रोजा ने आतिशबाजी कर इसका जश्‍न मनाया था।
सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने रोजा पर बंडारू की टिप्पणी की निंदा की थी। एपी महिला आयोग (एपीडब्ल्यूसी) की अध्यक्ष वासिरेड्डी पद्मा ने डीजीपी के.वी. राजेंद्रनाथ रेड्डी को पत्र लिखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पद्मा ने कहा कि मूर्ति ने रोजा को व्यक्तिगत रूप से अपमानित किया। उन्‍होंने महिला मंत्री को बदनाम करने के लिए उनके बारेे घृणित टिप्पणियां कीं। वाईएसआर कांग्रेस एमएलसी पोथुला सुनीता ने बदले में उनके खिलाफ एपी महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई। सुनीता ने सत्यनारायण की इस बात पर आपत्ति जताई कि महिला मंत्री पहले ब्लू फिल्मों में काम कर चुकी हैं। इस बीच तेदेपा नेताओं ने मूर्ति की गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने पूछा कि जब रोजा और अन्य वाईएसआरसीपी नेताओं ने चंद्रबाबू नायडू की पत्‍नी नारा भुवनेश्‍वरी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
Next Story