भारत

Lalu Prasad से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में बचाव पक्ष की बहस शुरू, हफ्ते में तीन दिन होगी सुनवाई

Rani Sahu
17 Aug 2021 11:05 PM IST
Lalu Prasad से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में बचाव पक्ष की बहस शुरू, हफ्ते में तीन दिन होगी सुनवाई
x
लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में बचाव पक्ष की ओर से बहस शुरू हो गई है

लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में बचाव पक्ष की ओर से बहस शुरू हो गई है। मंगलवार को फिजिकल कोर्ट में चारा घोटाले के आरोपी तत्कालीन वित्त सचिव फूल चंद सिंह की ओर से उनके अधिवक्ता ने बहस शुरू की। आगे भी बहस जारी रहेगी। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके शशि की अदालत में चारा घोटाला मामले की सुनवाई अब सप्ताह में तीन दिन फिजिकल कोर्ट में होगी।

अदालत के निर्देश पर गुरुवार को दिन के 11:30 बजे मामले में सुनवाई होगी। अन्य दिनों में अपराह्न ढाई बजे मामले की सुनवाई होगी, जो कि पूर्व से निर्धारित है। सीबीआई की विशेष अदालत मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को फिजिकल सुनवाई करेगी। लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने बताया कि अगले महीने से मामले में बहस प्रारंभ कर सकते हैं। अदालत में बहस के दौरान सीबीआई के विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह मौजदू थे।
बता दें कि डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़े आरसी 47ए/96 मामले में सीबीआई की बहस सात अगस्त को पूरी होने के बाद बचाव पक्ष की ओर से बहस शुरू की गई है। मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व सांसद जगदीश शर्मा, डॉ. आरके राणा, पीएसी के तत्कालीन अध्यक्ष ध्रुव भगत, तत्कालीन पशुपालन सचिव बेक जुलियस समेत 108 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं।


Next Story