भारत

कॉकटेल पार्टी में चले लाठी-डंडे, 9 गिरफ्तार

Nilmani Pal
27 Feb 2023 1:38 AM GMT
कॉकटेल पार्टी में चले लाठी-डंडे, 9 गिरफ्तार
x
डीजे बजाने को लेकर हुआ था झगड़ा
यूपी। गाजियाबाद के एक होटल में शादी समारोह की कॉकटेल पार्टी में मारपीट हो गई। आधी रात को मेहमानों ने डीजे बजाने को कहा तो होटल स्टाफ ने साफ मना कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। होटल के बाउंसरों व स्टाफ ने कार्यक्रम में आए महिला-पुरुषों को जमकर पीटा। घटना में एक महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना मसूरी क्षेत्र स्थित होटल द ग्रैंड आईआरएस की है। बताया जा रहा है कि ये होटल भाजपा नेता का है। यहां शनिवार सुबह हल्दी का प्रोग्राम और शाम को कॉकटेल पार्टी थी।

इस घटना से जुड़े 2 वीडियो सामने आए हैं। इसमें आपस में खूब लाठी-डंडे चलते दिखाई दे रहे हैं। कुछ महिला-पुरुष जमीन पर गिरे हुए हैं। खून की बूंदें भी दिखाई दे रही हैं। एक वीडियो में महिला-पुरुषों ने खुद को एक कमरे में बंद किया हुआ है। इस कमरे के बाहर दर्जनों युवक खड़े हैं और गाली-गलौज कर रहे हैं। वीडियो देखने से स्पष्ट है कि कार्यक्रम में घंटों तक तांडव मचा। इस मारपीट में 5 लोग घायल हुए हैं। इसमें एक महिला को गंभीर चोट आई है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मंडपों में डीजे रात 10 बजे तक ही बजाने की परमिशन है। दिन में हल्दी के बाद यहां रात में कॉकटेल पार्टी चल रही थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कॉकटेल पार्टी के लिए आबकारी विभाग से परमिशन ली गई थी या नहीं। बता दें कि इसकी परमिशन स्वयं कार्यक्रम आयोजक को लेनी पड़ती है। हालांकि इसमें भी होटल मालिक शराब तभी सर्व करने की अनुमति देता है, जब आबकारी विभाग से कार्यक्रम आयोजक को एक दिन का लाइसेंस मिल जाता है।

डीसीपी रवि कुमार ने बताया, ग्रैंड आईआरएस में रात दो बजे शादी की एक कॉकलेट पार्टी चल रही थी। पार्टी में मौजूद लोगों ने देर रात डीजे बजाने की मांग की। इस पर होटल मालिक ने आपत्ति जताई। इसी बात पर विवाद बढ़ा। जिसके बाद होटल के 15-20 लड़कों ने पार्टी सेलिब्रेट करने आए लोगों से लाठी-डंडों के साथ मारपीट की। वीडियो के आधार पर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Next Story