
x
फॉरेंसिक जांच शुरू
Fazilka. फाजिल्का। पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाना परिसर में रविवार तड़के संदिग्ध धमाके की घटना से हड़कंप मच गया। यह धमाका देर रात करीब 2 बजे हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सतर्क हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि थाना परिसर में खड़ी दो पुरानी कारों के शीशे टूट गए।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय इलाके में बिजली कटौती के विरोध में धरना प्रदर्शन चल रहा था, जिसके चलते पुलिस बल पहले से ही तैनात था। इसी दौरान थाने के पिछले हिस्से में अचानक धमाका हुआ। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने थाना परिसर और आसपास के इलाके को सील कर दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि धमाके की वजह और इसमें शामिल किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।
मामले को लेकर एसपी सतिंदर कुमार ने बताया कि रात करीब 2 बजे थाना परिसर में धमाके की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि अभी धमाके के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
Next Story





