भारत

स्पोर्ट्स बाइक पर तीन दोस्तों की जिंदगी का आखिरी सफर, शामिल होते बर्थडे पार्टी में

jantaserishta.com
2 April 2024 3:27 AM GMT
स्पोर्ट्स बाइक पर तीन दोस्तों की जिंदगी का आखिरी सफर, शामिल होते बर्थडे पार्टी में
x
पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
पटना: राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के मछरियावां के पास रविवार की आधी रात अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार पटना निवासी तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पटना के नेहरू नगर निवासी बबलू महतो के पुत्र रौशन कुमार (19), मैनपुरा निवासी मो. निसार कुरैशी के पुत्र मो. अली (18) और दीघा निवासी स्वर्गीय देवेंद्र शर्मा के पुत्र नीतीश कुमार (20) के रूप में हुई है। पांच दोस्त अलग-अलग दो बाइक से राजगीर जा रहे थे। इस दौरान स्पोर्ट्स बाइक पर सवार तीन युवक दुर्घटना के शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर उनके घरों में कोहराम मच गया। फतुहा पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। सभी युवकों का सोमवार को पटना में अंतिम संस्कार भी करा दिया गया। थानेदार रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि किसी बड़े वाहन से बाइक की टक्कर हुई थी। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। दीघा और पाटलिपुत्र कॉलोनी निवासी दोस्तों ने बाइक से राजगीर जाने की योजना बनाई थी। पांच दोस्त अलग-अलग दो बाइक से रात करीब 12.30 बजे पटना से राजगीर जा रहे थे।
जैसे ही वे फतुहा थाने के मछरियावां के समीप पहुंचे एक अज्ञात वाहन ने आर-15 बाइक में टक्कर मार दी। इस बाइक पर रौशन कुमार, मो. अली और नीतीश कुमार सवार थे। दुर्घटना में तीनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। अन्य दोस्तों की सूचना पर पहुंची फतुहा पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया। मो. अली के पिता मो. निसार ने बताया कि देर रात सभी दोस्त बाइक से राजगीर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। तड़के दोस्तों के द्वारा ही हादसे की जानकारी उन्हें मिली।
फतुहा थाना क्षेत्र के मछरियावां के समीप रविवार की आधी रात हादसे का शिकार युवकों के नेहरू नगर निवासी एक दोस्त के छोटे भाई का रविवार को जन्मदिन था। वह अपने साथियों को घर से जेपी गंगा पथ पर पार्टी मनाने की बात कह ले गया था। इसी बीच उन्होंने राजगीर घूमने की योजना बना ली। दो बाइक से पांच दोस्त राजगीर के लिए निकल गए। इसी बीच एक बाइक हादसे का शिकार हो गई। युवकों की मौत के बाद घरों में मातम पसर गया।
पाटलिपुत्रा के नेहरू नगर में रहने वाला रौशन कुमार पेंटर था। उसके पिता बबलू महतो भी पेंट करते हैं। रौशन की तीन बहनें हैं और एक बड़ा भाई है। बबलू महतो ने बताया कि पड़ोसी युवक भाई के जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए रौशन को रविवार की रात घर से बुलाकर ले गया था। उन्हें नहीं पता था कि सभी दोस्त बाइक से राजगीर जाने वाले हैं। इसी बीच सोमवार तड़के बेटे की मौत की सूचना मिली। बहन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक रौशन के दोस्तों ने किराए पर लिया था। रौशन की मां की नौ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। मां की मौत के बाद बुआ और चाचियों ने उसे पाला था। घटना के बाद से ही घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
दीघा का रहने वाला नीतीश एक फूड डिलिवरी कंपनी में डिलिवरी ब्वाय था। वह मां और चार भाइयों के साथ रहता था। उसके पिता देवंद्र शर्मा की 14 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। पति की मौत हो जाने के बाद मां ने छोटे-छोटे बच्चों की किसी तरह परवरिश की थी। भाई अजीत कुमार ने बताया कि नीतीश घर का खर्च उठाने में मदद करता था। उसकी मौत पर परिजन अवाक हैं। हादसे में मृत मो. अली का परिवार मैनपुरा मस्जिद गली में रहता है। युवक के पिता मुर्गा की दुकान चलाते हैं। अली दुकान में अपने पिता का सहयोग करता था। मामा मो. साकिर ने बताया कि अली तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था।
Next Story