
x
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश: Khargone जिले के झिरन्या जनपद अंतर्गत ग्राम बिलखेड़ में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी, तलवार और तीर-कमान से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 10 लोग घायल हुए हैं।
मृतक की पहचान अड़ता जमरे (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो रविवार को अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस गश्त की जा रही है।
Next Story





