भारत

लखीमपुर खीरी कांड: प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर कपिल सिब्बल और विवेक तनखा ने लिखी CM योगी को पत्र

Kunti Dhruw
6 Oct 2021 3:35 PM GMT
लखीमपुर खीरी कांड: प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर कपिल सिब्बल और विवेक तनखा ने लिखी CM योगी को पत्र
x
लखीमपुर खीरी कांड को लेकर कांग्रेस सांसद कपिल सिब्बल और विवेक तनखा ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर कई सवाल दागे हैं।

लखीमपुर खीरी कांड को लेकर कांग्रेस सांसद कपिल सिब्बल और विवेक तनखा ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर कई सवाल दागे हैं। उन्होंने इसकी प्रति पीएम मोदी को भी भेजी है। उन्होंने पीएम से पूछा कि अब तक केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा का इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया। पढ़िए इस चिट्ठी में उन्होंने क्या-क्या लिखा है।

सोशल मीडिया पर आए वीडियो के मुताबिक किसान कृषि बिलों को लेकर विरोध कर रहे थे और इसी दौरान उन्हें गाड़ी से बुरी तरह कुचल दिया गया। जब प्रियंका गांधी ने लखीमपुर पहुंचने की कोशिश की तो उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्रियंका ने किसी भी नियम को नहीं तोड़ा इसके बावजूद उन्हें गिरफ्तार किया गया। एक सांसद और वकील के तौर पर हमें आपसे इन सवालों के जवाब चाहिए-



1- धारा 144 का उल्लंघन नहीं करने के बावजूद प्रियंका गांधी वाड्रा को यूपी सरकार ने 3-4 अक्तूबर को गिरफ्तार क्यों किया?

2- क्या प्रियंका गांधी द्वारा कोई अपराध करने की संभावना थी, अगर नहीं तो उन्हें सीआरपीसी की धारा 151 के तहत गिरफ्तार क्यों किया गया?

3- प्रियंका गांधी को वकीलों की मदद लेने से क्यों रोका गया?

4- कानून के किस प्रावधान के तहत लखनऊ एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्रियों, पीसीसी अध्यक्ष, सांसदों को रोका गया, उन्हें लखनऊ भी क्यों नहीं जाने दिया गया?

5- आखिर राजनीतिक दलों और नेताओं को पीड़ित परिवारों तक क्यों नहीं पहुंचने दिया गया?

6- यूपी सरकार ने प्रियंका गांधी वाड्रा को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन एफआईआर में जिनका नाम है, जिसमें गृह राज्य मंत्री के बेटे का नाम भी शामिल है, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

इन हालात में भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री अब तक अपने पद पर कैसे बने रह सकते हैं? प्रधानमंत्री ने अब तक उन्हें इस्तीफा देने को क्यों नहीं कहा? हम चाहते हैं कि हमारे सवालों का जवाब जल्द से जल्द दिया जाए और अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम यूपी सरकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगे।

Next Story