
x
Kolkata कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गुरुवार, 8 अक्टूबर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट प्रशासन को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने एयरपोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर एयरपोर्ट अधिकारियों को एक ईमेल मिला था। इसमें दावा किया गया था कि हवाई अड्डे के परिसर में कई स्थानों पर बम रखे गए हैं। धमकी मिलते ही अधिकारियों ने तत्काल सीआईएसएफ को सूचना दी और सुरक्षा जांच शुरू कराई।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर ईमेल को फर्जी धमकी माना जा रहा था, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने किसी तरह का जोखिम नहीं उठाया। सीआईएसएफ जवानों ने एयरपोर्ट परिसर के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस बीच, सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान करने में जुट गई हैं। ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी 2025 में भी कोलकाता एयरपोर्ट पर एक ही दिन में बम की धमकी के दो मामले सामने आए थे। अलग-अलग विमानों के शौचालयों में धमकी भरे नोट मिले थे। हालांकि, जांच के बाद दोनों धमकियां झूठी साबित हुई थीं। फिलहाल ताजा मामले में किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।
Next Story





