
Petrol Diesel: देश में करोड़ों लोग पेट्रोल और डीजल लेने के लिए रोजाना पेट्रोल पंपों पर पहुंचते हैं और ऐसे लोगों की दिलचस्पी पेट्रोल और डीजल का रेट जानने में होती है। ऐसे लोगों के लिए बड़ी जानकारी यह है कि पेट्रोल और डीजल के रेट में आज 7 अप्रैल को भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज सुबह पेट्रोल और डीजल का नया रेट जारी कर दिया है और इसके मुताबिक कीमतों में स्थिरता का दौर जारी है।
इस बीच अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिख रहा है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में इसका कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है। पिछले साल मार्च महीने से ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में स्थिरता बनी हुई है और उपभोक्ताओं को कीमतों में कोई राहत नहीं मिली है।
वैसे उपभोक्ताओं के लिए यह जानना जरूरी है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें तय करने का आधार क्या है। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों पर आधारित होती हैं। भारतीय तेल विपणन कंपनियां ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों की समीक्षा करने के बाद हर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतें तय करती है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम तेल कंपनियां हर रोज सुबह छह बजे अलग-अलग शहरों के पेट्रोल और डीजल की कीमत की जानकारी अपडेट करती हैं।
हालांकि यह भी सच्चाई है कि हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई अंतर नहीं आया है। पिछले साल मार्च महीने के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतें दो-दो रुपए घटी थीं मगर उसके बाद अभी तक कीमतों में कोई संशोधन नहीं किया गया है।





